नई दिल्ली (एएनआई)। कांग्रेस विधायक चरणजीत सिंह चन्नी ने सोमवार को पंजाब के 16वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। चन्नी को सर्वसम्मति से पंजाब के कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया था और कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद अगले मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के लिए तैयार हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंहऔर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के बीच महीनों तक चली खींचतान के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को राज्य के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

चन्नी पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे

ये घटनाक्रम 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले आया था। रूपनगर के चमकौर साहिब से तीन बार विधायक रहे चन्नी पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे। चन्नी निवर्तमान मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कैबिनेट में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे। पंजाब सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, चन्नी तीन कार्यकाल के लिए नगर पार्षद रहे और दो कार्यकाल के लिए नगर परिषद खरड़ के अध्यक्ष बने।

ये रहा चन्नी सिंह का अब तक कार्यकाल

चन्नी 2007 में पहली बार चमकौर साहिब सीट से पंजाब विधानसभा के लिए चुने गए थे। वह 2012 में और फिर 2017 में फिर से विधानसभा सीट के लिए चुने गए। 2015 में, चन्नी को 14वीं पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में चुना गया था। 2017 में, उन्हें पंजाब सरकार में तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक प्रशिक्षण, रोजगार सृजन और विज्ञान और प्रौद्योगिकी के लिए कैबिनेट मंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था।

National News inextlive from India News Desk