छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: डीसी रविशंकर शुक्ला एवं एसएसपी अनूप बिरथरे के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। सर्वप्रथम बारीडीह भोजपुर घाट व सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट का निरीक्षण किया गया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सूर्य मंदिर कमेटी द्वारा दो नवंबर को एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में सुप्रसिद्ध गायिका नेहा कक्कड़ की भजन संध्या का आयोजन किया गया है। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश आयोजन समिति को दिए।

की गई है उचित व्यवस्था

मानगो छठ घाट के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपायुक्त ने बताया कि छठ घाट पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उचित व्यवस्था की गई है। शौचालय, चेंजिंग रूम की पर्याप्त व्यवस्था सभी छठ घाटों पर किया जाएगा। नदियों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा गोताखोर की व्यवस्था की गई है। वहीं घाटों पर टास्क फोर्स की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। वरीय आरक्षी अधीक्षक ने बताया कि सभी छठ घाटों की निगरानी वीडियो कैमरा माध्यम से किया जाएगा। जबकि एग्रिको मैदान में होने वाले कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने हेतु आवश्यक पुलिस बल की तैनाती करेगा, ताकि लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि छठ घाट पर पुलिस सहायता केंद्र बनाए जाएंगे और घाटों पर सिविल ड्रेस में भी पुलिस बल तैनात रहेगी। घाटों पर महिला पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी। निरीक्षण टीम में अपर जिला दंडाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के साथ ही अन्य पदाधिकारी शामिल थे।