-छठ पर्व पर नहीं होगी लोगों को किसी तरह की परेशानी

PATNA: छठ पर्व को लेकर घाटों पर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम 8 करोड़ रुपए खर्च करेगा। जिला प्रशासन भी पूजा के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर सहयोग करेगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। एक घाट पर लगभग 15 से 20 लाख रुपए का खर्च अनुमानित किया गया है। बैरिकेडिंग, सफाई, रंग रोगन, गेट व पंडाल निर्माण, चेंजिंग रूम, एप्रोच पथ व टावर आदि को शामिल किया गया है। इसके साथ ही सभी घाटों पर लाइट और साउंड, फ्लैट बनाना, यूरिनल और अन्य व्यवस्थाओं को शामिल किया गया है।

अस्थाई व्यवस्था पर खर्च होते हैं करोड़ों

पटना नगर निगम की तरफ से पिछले साल 10 करोड़ रुपए कार्तिक छठ और 5 करोड़ रुपए चैती छठ पर खर्च किए गए थे। इस साल भी करीब 8 करोड़ का बजट रखा गया है। लेकिन, इनके काम में घाट पर सीढि़यों की मरम्मत, टूटी हुई दीवारों का कोई विवरण नहीं है। हर साल अस्थाई कामों पर निगम लाखों करोड़ों रुपए खर्च करता है। लोगों की मानें तो पिछले साल घाट पर निगम की ओर से कराया गया रंगरोगन सप्ताह भर में ही बह गया था वैसे, निगम के मौजूदा तैयारी से भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आ सकता है। निगम ने इन सभी कामों के लिए मात्र एक सप्ताह का ही समय तय किया है। एक हफ्ते में अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी जिसके बाद वे काम पर लगेंगे।

21 सेक्टर में बांटे गए हैं 91 घाट

नासरीगंज से लेकर दीदारगंज तक पटना के 91 घाटों को 21 सेक्टर में बांटा गया। जहां छठ व्रतियों के लिए सभी सुविधाएं रहेंगी। निगम के इंजीनियर अभी घाट के किनारे नदी की कितनी दूरी पर औसतन पांच फीट की गहराई है। इस संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं। जानकारी के आधार पर खतरनाक घाटों की लिस्ट तैयार की जाएगी।

निगम की तरफ से घाटों पर पूरी व्यवस्था रहेगी। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। इसकी जिम्मेदारी कई अधिकारियों को दी जा रही है।

-सीता साहू, मेयर, पटना