- तीन महीने से नगर निगम के वार्ड कार्यालय के चक्कर लगा रहे लोगों का हंगामा

- ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज टू में नारकीय हालत में रह रहे लोग, लगाया शिविर

आगरा। यमुना पार गंदगी से चिकन पॉक्स और बुखार फैलने पर गुस्साए लोगों ने सोमवार को हाईवे पर जाम लगा दिया। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। करीब 30 मिनट तक हाईवे पर जाम लगा रहने से वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस के पहुंचने के बाद जाम खुल सका, डॉक्टरों की टीम ने शिविर लगाकर चेकअप किया। साथ ही फॉगिंग कराई गई।

यमुना पार के ट्रांस यमुना फेज टू के एफ और जी ब्लॉक में तीन महीने से दो दर्जन घरों के सामने सीवर का गंदा पानी भरा हुआ है। इससे चिकन पॉक्स, मलेरिया और वायरल बुखार फैलने लगा है। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सुबह आगरा-फीरोजाबाद हाईवे पर जाम लगा दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम के वार्ड कार्यालय, अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी सीवर लाइन की सफाई नहीं कराई गई, कई महीनों से नालियों की सफाई नहीं हुई है। हाईवे पर जाम लगने से वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने लोगों से जाम खोलने के लिए कहा, वे नगर निगम और स्वास्थ्य अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। करीब 30 मिनट तक हंगामे के बाद जाम खुल सका, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों का चेकअप किया। बुखार से पीडि़त मरीजों को दवाएं दीं, क्षेत्र में फोगिंग भी कराई गई।

नगर निगम की टीम भी पहुंची

स्थानीय लोगो के हाईवे जाम करने के बाद जल संस्थान और नगर निगम की टीम भी सीवर की सफाई करने के लिए पहुंच गई। गंदे पानी को निकालने के लिए मशीन लगाई गई है।

ये हुए चिकन पॉक्स के शिकार

आकृति, जागृति, विशाल, अनुज, बुलबुल, निधि, दिव्यांशी, महक, दिव्यांशु, लवी, छवि, कवी, नकुल, खुशी आदि।