RANCHI: रांची जिले के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे दूसरे राज्यों का भ्रमण करेंगे। सरकारी स्कूलों के बच्चों को मुख्यमंत्री शैक्षणिक भ्रमण प्रोग्राम के तहत देश के ऐतिहासिक स्थलों को देखने और घूमने का अवसर मिलेगा। स्पेशल ट्रेन से क्लास छह से 12वीं तक के स्टूडेंट्स को भ्रमण के लिए ले जाया जाएगा। छात्रों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दक्षिणी छोटानागपुर के आरडीडीई अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के तहत स्टूडेंट्स मैसूर, बेंग्लुरु, अमृतसर, जयपुर और हैदराबाद जाएंगे। शैक्षणिक यात्रा के लिए चार ट्रेन विभिन्न तिथियों को हटिया स्टेशन से रवाना होंगी।

20 नवंबर तक लिस्ट तैयार

रांची जिले के जितने भी सरकारी स्कूल हैं, उनके प्रिंसिपल को निर्देश दिया गया है कि वो 20 नवंबर तक जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में लिस्ट जमा कर दें। उनके स्कूल से कितने बच्चे इस भ्रमण में शामिल होंगे।

छठी से 12 वीं क्लास तक के बच्चे

मुख्यमंत्री शैक्षणिक भ्रमण योजना के तहत जाने वाले छात्रों का अनुपात भी निर्धारित कर दिया गया है। इसमें क्लास छह से आठवीं तक के अधिकतर स्टूडेंट्स का चयन किया जाएगा। कुल चयनित छात्रों का 60 प्रतिशत स्टूडेंट्स क्लास छह से आठवीं क्लास के होंगे। वहीं, शैक्षणिक भ्रमण के लिए जाने वाले कुल छात्रों का 40 प्रतिशत क्लास 9वीं से 12वीं के स्टूडेंट्स होंगे।