कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Children's Day 2022 : भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर 14 नवंबर को मनाई जाती है। यह दिन बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। इनका जन्म 14 नवंबर, 1889 को हुआ था। जवाहरलाल नेहरू जिन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहा जाता है। नेहरू को 'चाचा नेहरू' कहे जाने के पीछे बच्चों के प्रति उनका प्यार एक प्रमुख कारण माना जाता है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों के लिए स्वदेशी सिनेमा बनाने के लिए 1955 में चिल्ड्रन्स फिल्म सोसाइटी इंडिया की स्थापना की। इसके अलावा एक और संस्करण लोगों के बीच चर्चित है कि नेहरू महात्मा गांधी के बहुत करीब थे, जिन्हें वे अपना बड़ा भाई मानते थे। ऐसे में जहां गांधी को 'बापू' के नाम से जाना जाता था, वहीं नेहरू को 'चाचाजी' के नाम से जाना जाने लगा।

भारत में हुई बाल दिवस की शुरुआत

1964 से पहले, भारत 20 नवंबर को बाल दिवस मनाता था। यह संयुक्त राष्ट्र द्वारा सार्वभौमिक बाल दिवस के रूप में मनाया जाता था। हालांकि 1964 में पंडित नेहरू की मृत्यु के बाद यह निर्णय लिया गया कि उनके जन्मदिन को बाल दिवस के रूप में मनाया जाए। बाल दिवस पर स्कूल आदि में तमाम प्रतियोगिताओं, संगीत और नृत्य प्रदर्शन जैसे विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होता है।

बच्चों के लिए शिक्षा की विरासत छोड़ गए

जवाहरलाल नेहरू अपने पीछे भारत के बच्चों के लिए शिक्षा की विरासत छोड़ गए हैं। उन्होंने एक सक्षम प्रशासक होने के साथ-साथ भारत में कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना कराई। एम्स, आईआईटी और आईआईएम की स्थापना उन्हीं के नेतृत्व में हुई। उन्होंने एक बार कहा था, आज के बच्चे कल का भारत बनाएंगे। हम जिस तरह से उन्हें पालेंगे, वही देश का भविष्य तय करेगा।

National News inextlive from India News Desk