बीजिंग/नई दिल्ली (पीटीआई)। चीन ने बुधवार को लद्दाख के गलवान घाटी क्षेत्र पर अपना आधिपत्य जताया है। चीन ने कहा है कि यह इलाका हमेशा से उसका रहा है। पिछले पांच दशकों के बाद दोनों देशों की सेनाओं के बीच बड़े खूनी संघर्ष के बाद और अधिक हिंसक झड़पें नहीं चाहता है। भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन की सेनाओं के बीच सोमवार की देर शाम हिंसक झड़पें हुईं हैं। यह घटना चीनी सेनाओं के द्विपक्षीय समझौतों के उल्लंघन की वजह से हुई है। दोनों पक्ष को संघर्ष में नुकसान उठाना पड़ा है। इस हिंसक वारदात को टाला जा सकता था यदि चीनी सैनिक उच्च स्तर पर हुए समझौतों का पालन करती।

43 चीनी सैनिकों के हताहत होने पर कुछ भी कहने से इनकार

चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजिआन ने कहा कि गलवान घाटी क्षेत्र पर हमेशा से चीन का अधिपत्य रहा है। मंगलवार को चीनी सेना ने भी यही बात कही है। यह पूछे जाने पर कि गलवान पर सीमा स्पष्ट है इसके बावजूद चीन इस इलाके पर अपना दावा क्यों जता रहा है, झाओ ने कहा कि गलवान क्षेत्र के संबंध में मिलिट्री और कूटनीतिक चैनल के जरिए बातचीत हो रही है। सही और गलत एकदम साफ है। यह घटना चीनी सीमा में हुई है और चीन को इसके लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता। सोमवार को गलवान घाटी में सोमवार की देर शाम हुई हिंसक झड़प में 43 चीनी सैनिकों के हताहत होने के सवाल पर झाओ ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सीमा पर सैनिक संबंधित मामले को देख रहे हैं।

चीनी प्रवक्ता ने कहा सैन्य और कूटनीतिक वार्ता से निकलेगा हल

जब झाओ से कहा गया कि भारत ने हताहतों की संख्या बताई जबकि चीन की ओर से हताहतों की संख्या नहीं बताई गई है इस पर झाओ ने कहा कि उन्होंने सीमा पर चीनी और भारतीय सैनिक संयुक्त रूप से ग्राउंड पर मामले को देख रहे हैं। वे इस संबंध में अभी कुछ भी नहीं कहना चाहते हैं। इतना ही नहीं झाओ ने कहा कि चीन-भारत सीमा पर दोनों ओर से कूटनीतिक और मिलिट्री चैनल के जरिए मामले का हल निकाल रहे हैं। झाओ ने कहा कि कुल मिलाकर सीमा पर स्थिति स्थिर और कंट्रोल में है। और झड़पों के सवाल पर चीनी प्रवक्ता ने कहा कि चीन और झड़पें नहीं चाहता और उन्हें उम्मीद है कि भारत और चीन दोनों मामले का हल निकाल लेंगे।

अमेरिकी इंटेलीजेंस रिपोर्ट, झड़प में 35 चीनी सैनिक हुए हताहत

अमेरिकी इंटेलीजेंस रिपोर्ट के हवाले से यहां एक आधिकारिक सूत्र ने बुधवार को बताया कि पूर्वी लद्दाख के गलवान घाटी में भारत-चीन सैनिकों के बीच हिंसक झड़प में चीनी सेना के 35 सैनिक हताहत हुए हैं। यह संख्या चीनी सैनिकों के मारे जाने या गंभीर रूप से घायल की हो सकती है। भारतीय सेना ने मंगलवार काे कहा था कि इस खूनी संघर्ष में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे। इनमें एक कर्नल भी शामिल था। हालांकि चीन ने इस बारे में कोई भी पुष्टि नहीं की है। चीन की पिपुल्स लिबरेशन आर्मी ने संघर्ष के बीच अपने हताहत जवानों की संख्या को लेकर अभी तक कुछ भी नहीं कहा है।

International News inextlive from World News Desk