बीजिंग/वुहान (पीटीआई) कोरोना वायरस मामलों की छुपाने को लेकर अंतरराष्ट्रीय आलोचना के बीच चीनी शहर वुहान में अधिकारियों ने कोरोना से मरने वालों की संख्या को अपडेट कर दिया है। बता दें कि वुहान वही शहर है, जहां से कोरोना वायरस की उत्पत्ति हुई है। वुहान में शुक्रवार को अधिकारियों ने बताया कि कोरोना से अन्य 1290 लोगों की जान चली गई है। इसी तरह, देश भर में अब तक इस खतरनाक वायरस से 4,632 लोगों की मौत हो गई है। वुहान नगरपालिका मुख्यालय ने शुक्रवार को शहर में अपडेट किए गए कोरोना मामलों की पुष्टि की और बीमारी के कारण होने वाली मौतों की संख्या को संशोधित किया।

घर पर ही हुई कई मरीजों की मौत

16 अप्रैल तक, वुहान में पुष्टि की गई कोरोना वायरस मामलों की कुल संख्या 325 से बढ़कर 50,333 हो गई है। वहीं, अब वुहान में मरने वालों की संख्या 3,869 हो गई है। इसके अलावा, अगर पूरे चीन की बात करें तो कुल मामलों की संख्या भी बढ़कर 82,692 हो गई है। हालांकि, अधिकारियों ने बढ़ते मामले के कारण का कोई जिक्र नहीं किया है। लेकिन, अस्पतालों में इलाज न होने से कुछ मरीजों की घर पर ही मौत हो गई है। इसके अलावा, मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल अपनी क्षमताओं से परे काम कर रहे हैं और रोगियों को बचाने व उपचार करने के लिए कई चिकित्सा कर्मचारियों को पहले से तैयार किया गया है।

कई रोगियों की मिली अधूरी जानकारी

वुहान के अधिकारियों ने कहा कि कुछ मृत रोगियों की जानकारी ही अधूरी मिली है और रिपोर्टिंग में दोहराव व गलतियां हैं। वुहान नगरपालिका मुख्यालय के एक अधिकारी का हवाला देते हुए, सिन्हुआ ने बताया कि महामारी से संबंधित बड़े डेटा और महामारी विज्ञान संबंधी जांच के लिए मार्च के अंत में एक समूह स्थापित किया गया था। समूह ने ऑनलाइन सिस्टम से जानकारी का उपयोग किया और सभी महामारी से संबंधित स्थानों से पूरी जानकारी एकत्र की ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर मामले के बारे में तथ्य सटीक हों और हर आंकड़ा उद्देश्यपूर्ण और सही हो। इसके अलावा, दूसरी तरफ चीन में कोरोना पॉजिटिव के ऐसे मामले भी तेजी बढ़ रहे हैं, जिनमें बीमारी का कोई लक्षण नहीं दिखा रहा है। चीन सरकार इसको लेकर काफी चिंतित है।

International News inextlive from World News Desk