चांदी का छत्र व रामनामी पत्र चुराकर निकल रहे पूर्व कर्मचारी को मंदिर परिसर में दबोचा

PRAYAGRAJ: बड़े हनुमानजी की मंदिर में चोरी करना पूर्व कर्मचारी को महंगा पड़ा। वह जाली काट कर मंदिर के भीतर घुस गया। बजरंगबली का चांदी का छत्र व रामनामी पत्र चोरी कर दबे पांव बाहर निकल रहा था। हनुमानजी की कृपा ही थी कि कुछ पुजारियों की नींद खुल गई। वह बाहर परिसर में आ गए और उसे दबोच लिए। बड़े पुजारी ने मामले की खबर बाघंबरी मठ के प्रमुख एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि को दी।

जाली काट कर घुसा था अंदर

मामले की सूचना रात में ही पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही दारागंज पुलिस के होश उड़ हो गए। पुलिस भाग कर मौके पर पहुंची। पुजारियों द्वारा पकड़े गए चोर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मंदिर के बड़े पुजारी आद्या प्रसाद तिवारी निवासी पिपरांव कठौली कंचनवा थाना कौंधियारा ने पुलिस को तहरीर दी। उनहोंने पुलिस को बताया कि पकड़े गए चोर का नाम राहुल पांडेय है। वह मंदिर का पूर्व कर्मचारी है। चोरी के आरोप में ही उसे मंदिर से निकाला गया था। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। अपडेट के लिए देर रात दारागंज इंस्पेक्टर आशुतोष तिवारी को फोन लगाया गया तो किसी दूसरे ने उठाया कहा कि साहब अभी व्यस्त हैं।