-काशी गंगा महोत्सव, देव दीपावली और शिल्प मेला को लेकर तैयारी शुरू

-5 से 18 नवंबर तक गंगा घाट से लेकर संकुल में होंगे कार्यक्रम

VARANASI

आयुक्त सभागार में मंगलवार को कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें काशी गंगा महोत्सव, देव दीपावली और शिल्प मेला की रूपरेखा बनाई गई। विश्व प्रसिद्ध बनारस की देव दीपावली और गंगा महोत्सव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर अभी से तैयारी शुरू हो गई है। इस बार काशी गंगा महोत्सव और देव दीपावली भव्य तरीके से मनायी जाएगी। इसके अलावा चौकाघाट स्थित संकुल में दस दिवसीय शिल्प मेला भी खास होगा। गंगा घाट पर पांच नवंबर से ही कार्यक्रम शुरू हो जाएगा, जो 12 नवम्बर को देव दीपावली तक चलेगा। इसमें प्रमुख कलाकारों के साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव के दौरान घाटों सहित पूरे शहर में विशेष साफ-सफाई और लाइटिंग होगी। देव दीपावली पर वाटर स्क्रीन पर लेजर शो और भव्य आतिशबाजी भी होगी।

विश्वस्तरीय होगी व्यवस्था

कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कार्यक्रम को विश्व स्तरीय व भव्यता के साथ कराने के निर्देश दिये। आयोजन में स्थानीय लोगों के साथ स्वैच्छिक संस्थानों का सहयोग लिया जाए।

कमिश्नर ने कहा कि गंगा महोत्सव, देव दीपावली बनारस की एक पहचान है। देव दीपावली की अलौलिक छठा देखने के लिए देश-दुनिया से एक लाख से अधिक लोग आते हैं। गंगा के 84 घाटों पर लाखों की संख्या में एक साथ दीपों की रोशनी का अलौकिक दृश्य का भाव बिना देखे कल्पना से परे है।

कार्यक्रम की रूपरेखा

गंगा घाट पर पांच नवंबर से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। सात नवंबर तक होने वाले कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की ओर से रंगारंग प्रस्तुति होगी। आठ से 11 नवंबर तक काशी गंगा महोत्सव होगा। 12 नवंबर को देव दीपावली का आयोजन होगा। इस दौरान विभिन्न विधाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रम गंगा के विभिन्न घाटों पर होंगे। महोत्सव के दौरान घाटों सहित पूरे शहर में विशेष साफ-सफाई और लाइटिंग होगी। देव दीपावली पर वाटर स्क्रीन पर लेजर शो और भव्य आतिशबाजी भी होगी। शिल्प मेला नौ से 18 नवंबर तक सांस्कृतिक संकुल में होगा। मेला में अस्थाई पुलिस चौकी, चिकित्सा कैंप, अग्निशमन व्यवस्था, अनवरत विद्युत आपूर्ति, शिल्प मेला की सजावट आदि व्यवस्थाओं के लिए संबंधितों को दायित्व सौंपे गए। कमिश्नर ने मेला क्षेत्र की साफ-सफाई पर जोर दिया। विशेषकर शौचालयों की नियमित सफाई रखी जाए। बैठक में डीएम सुरेंद्र सिंह, एसएसपी आनंद कुलकर्णी, वीडीए उपाध्यक्ष राहुल पांडेय, सीडीओ गौरांग राठी, संयुक्त निदेशक पर्यटन सहित अन्य विभाग के अधिकारी, महोत्सव समिति के पदाधिकारी मौजूद थे।