रांची : पॉकेटमारों द्वारा बस कंडक्टर से मारपीट के विरोध में रांची में गुरुवार सुबह लगभग चार घंटे तक धुर्वा-किशोरी यादव चौक मार्ग पर सिटी बसों का परिचालन बंद रहा। हालांकि रांची नगर निगम के परिवहन शाखा के अधिकारियों की पहल पर 11 बजे संबंधित मार्ग पर सिटी बसों का परिचालन शुरू हुआ। इस दौरान संबंधित रूटों के यात्री परेशान हुए। सिटी बस का इंतजार करने के बाद यात्री ऑटो से अपने-अपने गंतव्य की ओर आगे गए। सिटी बस चालकों ने बताया कि बुधवार को धुर्वा से किशोरी यादव चौक तक जाने वाले एक सिटी बस में पॉकेटमारी हुई थी। कंडक्टर ने पॉकेटमार की पहचान कर ली थी। जब पॉकेटमार को पकड़ा गया तो उसने कंडक्टर के साथ मारपीट की थी। एक व्यक्ति पर चाकू से वार भी किया था।

पॉकेटमारों का दुस्साहस बढ़ा

चालकों ने यह भी बताया कि गुरुवार को भी सुबह 11:30 बजे भी कांटाटोली के पास सिटी बस में यात्रा कर रहे एक यात्री विष्णु मुंडा का पर्स उड़ा लिया गया। पर्स में तीन हजार रुपये समेत अन्य कागजात थे। वहीं राम सिंह जोगी भी पॉकेटमारी के शिकार हुए। उनके पर्स में दो हजार रुपये, आधार कार्ड, गोल्डन कार्ड थे। नगर निगम के परिवहन शाखा के अधिकारियों ने चालकों व कंडक्टर को आश्वस्त किया कि इस मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन से की जाएगी। पॉकेटमारी की घटना पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन व इंफोर्समेंट टीम से सहयोग लिया जाएगा।