RANCHI :रांची को जल्द ही दो हाईटेक बस स्टैंड मिलने वाला है। पहला ट्रांसपोर्ट नगर कांके के दुबलिया में बनेगा। दूसरा खादगढ़ा बस स्टैंड के पास खाली जमीन पर हाईटेक स्टैंड का निर्माण कराया जायेगा। यहां पैसेंजर्स की सुविधा के लिए फूड कोर्ट, होटल और एकल रूम के साथ कमर्शियल दुकानें भी रहेंगी। सेंट्रलाइज एसी से लैस वेटिंग हाल भी होगा, जिसमें यात्री और आम लोग ठहर सकेंगे। इसके अलावा सुकरहुटू में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कराया जाएगा। जहां ढाबा, वेब्रिज, वेयरहाउस, पुलिस स्टेशन, रिटेल शॉप और डॉरमेट्री भी बनाए जाएंगे। नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह ने इंटर स्टेट बस स्टैंड और ट्रांसपोर्ट नगर के लिए डीपीआर 10 दिन के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

दिये कई जरूरी निर्देश

इसे लेकर सोमवार को नगर विकास सचिव ने डीपीआर बनाने वाली एजेंसी आइडेक को यह निर्देश दिया कि इंटर स्टेट बस स्टैंड के भवनों को अलग अलग नहीं रखा जाए। साथ ही ग्रीनरी पर विशेष ध्यान रखने का भी निर्देश दिया। डीपीआर बनने के बाद संबंधित नगर निकायों के बोर्ड की बैठक में उसे रखा जाएगा और बोर्ड से पास भी कराया जाएगा। स्थानीय नगर निकाय पर ही दोनों इंटर स्टेट बस स्टैंड के संचालन का जिम्मा होगा। इस दौरान आइडेक एजेंसी द्वारा इंटर स्टेट बस और ट्रांसपोर्ट नगर के प्रस्तावित प्रारूप का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

ट्रांसपोर्ट नगर भी

वहीं दुबलिया में जो इंटर स्टेट बस स्टैंड बनेगा, वहां पर 54 बसों के लिए बस बे, 190 बसों की आइडियल पार्किग और टर्मिनल ब्लॉक में 477 कारों के पार्किग की भी व्यवस्था रहेगी। यहां मल्टीप्लेक्स, फूड कोर्ट, होटल और एकल रूम के साथ कमर्शियल सुविधा वाली दुकानें भी रहेंगी। साथ में सेंट्रलाइज एसी वाला वेटिंग हाल भी बनाया जाएगा। दुबलिया में 38 एकड़ भूमि पर इस आईएसबीटी को बनाने लिए 275 करोड़ रुपए खर्च प्रस्तावित हैं। वहीं रांची के सुकरहुटू में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कराया जाएगा। यह जी प्लस टू मंजिला होगा। यहां पर ढाबा, वेब्रिज, वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज , पुलिस स्टेशन, रिटेल शॉप और डॉरमेट्री भी बनाए जाएंगे। 40 एकड़ भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा। इसके निर्माण में 220 करोड़ रुपए खर्च आएंगे।