- बरसात ने गर्मी से दी राहत तो तमाम दुश्वारियां भी साथ लायी

- दो दिन ऐसे ही जोरदार बारिश की है संभावना

VARANASI

बनारस समेत पूरे पूर्वाचल में मानसून मेहरबान हो गया है। दो दिन से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है और गर्मी से राहत भी मिली है। पर ये बारिश अपने साथ तमाम दुश्वारियां भी लायी है। शहर में जगह-जगह जलजमाव हो जा रहा है। वहीं मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले दो दिन में ऐसी ही बारिश होती रहेगी। रविवार और सोमवार को कुल 46.6 मिलीमीटर पानी गिरा।

लोगों को हुई दिक्कतें

रविवार के बाद सोमवार सुबह बूंदाबांदी के बाद दिनभर में कई बार हुई तेज बारिश हुई। शाम को झमाझम पानी गिरा जिससे शहर के तमाम इलाकों में रविवार जैसे हालात बन गये। जगह-जगह जलभराव से वाहन चालकों के साथ राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुबह छह बजे के बाद फिर से बूंदाबांदी शुरू हो गई। दोपहर 12 बजे के करीब बादल फिर आये। शाम करीब पांच बजे आधे घंटे तक बूंदाबादी के चलते आफिस लौट रहे लोगों को दिक्कतें हुई। रात आठ बजे फिर से बारिश हुई और उसके रिमझिम फुहार गिरती रही। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार सुबह से लेकर सोमवार सुबह आठ बजे तक 39.6 मिली मीटर बारिश हुई। सोमवार दोपहर में 7.0 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ। एसके पांडेय का कहना है कि अगले दो दिन मौसम ऐसा ही बना रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश के चलते गिरे पेड़

दो दिनों में कई बार शहर में हुई जोरदार बारिश से दो तीन जगहों पर पेड़ गिर गये। लहरतारा-कैंट रोड पर नीम का पेड़ गिरने से थोड़ी के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। इसी तरह ककरमत्ता में एक पुराने जामुन के पेड़ की डाल बिजली के तार पर जा गिरी। इसके चलते थोड़ी देर के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। सरैया से पंचक्रोशी मार्ग पर पेड़ गिरने से एक बच्चा बाल-बाल बच गया।

जलभराव से लगा जाम

सोमवार को कई बार हुई जोरदार बारिश के चलते शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम लग गया। लहरतारा, अंधरापुल, सिगरा, विशेश्वरगंज, मैदागिन, चौक, गौदोलिया, रेवड़ी तालाब आदि जगहों में जाम के चलते लोगों को परेशानी हुई। कुछ इलाकों में हिडेन गड्ढे में गिरकर राहगीर घायल भी हो गये।