- काशी विद्यापीठ में आयोजित दो दिवसीय संगोष्ठी में बोले डिप्टी सीएम

- अमेरिका और यूरोप भी भारत की ताकत का मान रहे लोहा

VARANASI

डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि खुद को ताकतवर और उन्नत समझने वाले अमेरिका और यूरोप भी भारत की ताकत और बौद्धिकता का लोहा मान रहे हैं। वे कहते हैं कि हिन्दुस्तानियों से बचना नहीं तो वह रोजगार छीन लेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में उन्नति कर रहा है। हम चन्द्रयान-2 से चंद्रमा और अंतरिक्ष पर पहुंच रहे हैं।

बज रहा युवा शक्ति का डंका

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गांधी अध्ययन पीठ में शनिवार को आयोजित दो दिवसीय भारतीय परम्परा का आधुनिक भारत 'स्वरूप एवं दिशा' विषयक संगोष्ठी में बतौर चीफ गेस्ट शामिल हुए डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत की वैदिक, सनातन संस्कृति हर दृष्टि से अध्यात्म विज्ञान सभी में उत्कृष्ट है। भारतीयों के जिन हाथों में गीता, रामायण, वेद, पुराण है, वही हाथ नवीनतम वैज्ञानिक आईटी आदि हर क्षेत्र में नये कीर्तिमान लिख रहे हैं। भारत की युवा शक्ति का विश्व में डंका बज रहा है।

प्रदेश में अच्छे माहौल से निवेश बढ़ा

डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले उद्योगपति उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने से हिचकते थे। आज योगी सरकार में उद्योगों को सहूलियत और बेहतर कानून-व्यवस्था से प्रदेश में निवेश बढ़ा है। पिछले वर्ष की समिट में 60 हजार करोड़ रुपए का निवेश का हुआ। आईटी सेक्टर में गत 2 वर्ष में 59 हजार करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है, जो कीर्तिमान है। देश की दिशा और दशा उन्नति की ओर तेजी से बदली है। हम दुनिया के लिए उदाहरण बन रहे हैं।

काशी में तेजी से हुआ विकास

उन्होंने कहा कि काशी में तेजी से विकास हुआ है। जिसे दुनिया भी महसूस कर रही है। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता राजेंद्र मिश्र ने कहा कि भारत की संपूर्ण विश्व की सुरक्षा की संस्कृति है। सनातन संस्कृति सर्वव्यापी व विशाल है। आज भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। विद्यापीठ के वीसी टीएन सिंह ने सभी का आभार जताया।