VARANASI

बड़ागांव क्षेत्र के बसनी स्थित सुरेश सेठ के मकान में खुदाई के दौरान चांदी के सिक्कों मिले। इस बारे में रविवार को तहसीलदार नीलम उपाध्याय पुरातत्व विभाग के अधिकारी डॉ। सुभाष यादव व थाना प्रभारी बड़ागांव संजय सिंह ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस में जानकारी दी। बताया कि उन्हें शनिवार को दिन में बसनी बिसेनपुर गांव निवासी गोविंद ने फोन पर बताया कि बसनी निवासी सुरेश सेठ के मकान में खुदाई के दौरान घड़े में चांदी के सैकड़ों सिक्के मिले हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची बड़ागांव पुलिस ने पहुंचकर जब देखा तो वहां मज़दूरों के पास चांदी के 245 सिक्के बरामद हुए। बरामद सिक्कों का वजन करने पर उनका कुल वजन लगभग दो किलो आठ सौ ग्राम रहा। वहीं सिक्कों के बाबत पुरातत्व विभाग के अधिकारी डॉ। सुभाष ने बताया कि यह सिक्के ब्रिटिश काल के हैं। यह 1874 से 1879 के बीच का है, पुरातत्व विभाग ने बताया कि पूर्व में यह क्षेत्र प्राचीन व्यापारिक पथ हुआ करता था। इस कारण इसी क्षेत्र के अनेई व कुरु में भी इसी तरह के चांदी के सिक्के बरामद हो चुके हैं। ऐतिहासिक दृष्टि से इन सिक्कों की अपनी महत्ता है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि अभी सैकड़ों सिक्को की बरामदगी का प्रयास जारी है। मकान में जो मज़दूर कार्य कर रहे थे उनकी सूचना पर कुछ मज़दूरों को चिन्हित कर उनसे सिक्के की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। इस बरामदगी में मुख्य रूप से उप निरीक्षक हरिकेश सिंह, राम राज शुक्ला, रवि यादव राकेश ओझा मौजूद रहे।