RANCHI : रांची से हजारीबाग, टाटा, सिमडेगा, चाईबासा, गुमला, लोहरदगा जाने के लिए पैसेंजर को अब हर आधे घंटे पर एसी बस मिलेगी। इसके लिए दक्षिण छोटानागपुर प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार की बैठक 18 अक्टूबर को होने जा रही है। इस दौरान आरटीओ की ओर से नई एसी बसों को अलग-अलग रोड पर चलाने के लिए परमिट जारी किया जाएगा। परमिट मिलने के बाद जो एसी बसें परमिट लेने का इंतजार कर रही थीं वह सड़क पर चलने लगेंगी। नई एसी बसें शुरू हो जाने के बाद पैसेंजर्स को सुविधा मिलेगी।

सिर्फ एसी बसों को ही परमिट

रांची के रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफि सर रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि 18 अक्टूबर को आरटीओ की जो बैठक होगी उस दौरान एसी बसों को परमिट दिया जाएगा। इसके साथ ही जिन बसों को रूट चेंज करना है या जिनको परमिट सरेंडर करना है या फिर जिनको परमिट बदलना है, ये सारे काम भी इस दिन कर लिया जाएगा। बैठक में सिर्फ नई एसी बसों को ही परमिट देने का निर्णय लिया जाएगा।

छोटी गाड़ी को 5, बड़ी को 10 मिनट

बैठक से पहले छोटी और बड़ी एसी गाडि़यों के परमिट के लिए ही आवेदन मांगा गया है। इसके लिए 28 सितंबर तक सभी बस ओनर ऑनलाइन आवेदन दे सकते हैं। जो लोग ऑनलाइन आवेदन देंगे उन्हीं को परमिट देने पर विचार किया जाएगा। इसमें मालिकों की ओर से अपनी छोटी एसी बसों के परमिट के लिए जिस रूट का प्रस्ताव दिया जाएगा उस रूट पर उस बस को 5 मिनट रुकने का समय निर्धारित होगा। साथ ही जो बड़ी एसी गाडि़यां हैं उनको उनके रूट के आधार पर 10 मिनट रुकने का समय निर्धारित किया जाएगा।

कई लोगों ने ले रखी है एसी बसें

जब से ऐसी गाडि़यों की शुरुआत हुई है। अधिकतर पैसेंजर एसी बस में ही सफर करना प्रिफर करते हैं। लोगों की इस पसंद को देखते हुए बस ओनर भी अब एसी गाडि़यां ही मार्केट में ला रहे हैं। कई बस ओनर हैं जिन्होंने ऐसी गाडि़यां खरीदी हैं लेकिन परमिट न मिल पाने से उसका इंतजार कर रहे हैं। अब उनको अगले महीने से परमिट मिल जाएगा जिसके बाद वह अपनी बसों का संचालन शुरू कर सकेंगे।

इन रूटों का मिलेगा परमिट

आरटीओ की ओर से एसी बसों के संचालन के लिए जिन रूट पर परमिट जारी किया जाएगा, वो ये हैं

रांची से जमशेदपुर

रांची से चाईबासा

रांची से सिमडेगा

रांची से गुमला

रांची से लोहरदगा

रांची से हजारीबाग

वर्जन

18 अक्टूबर को दक्षिण छोटानागपुर प्रादेशिक परिवहन प्राधिकार की बैठक होगी, जिसमें अलग-अलग रूट पर एसी बसों को चलाने के लिए परमिट जारी किया जाएगा। जो भी लोग परमिट के लिए आवेदन देना चाहते हैं वह 28 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन दे सकते हैं।

रंजीत कुमार सिन्हा, आरटीओ, रांची