सिविल लाइंस पुलिस ने हुक्का पार्लर में की छापेमारी, बरामद किया नशीला पदार्थ

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: हुक्का पार्लर में जाना आज के युवाओं का शौक बनता जा रहा है। युवाओं के शौक का फायदा नशीले पदार्थ के सौदागर उठा रहे हैं। ये हुक्का पार्लर की आड़ में युवाओं को गांजा जैसे जहरीले नशे का आदी बना रहे हैं। ऐसा ही मामला शहर के सबसे पॉश इलाके सिविल लाइंस में उस समय सामने आया, जब पुलिस ने सूचना पर सिविल लाइंस के क्लाउड नाइन हुक्का पार्लर पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से नशीला पदार्थ बरामद किया है। नशीले पदार्थ को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। पुलिस ने मामले में सलीम, शादाब और मो। आसिफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। तीनों ही हुक्का पार्लर के मालिक हैं।

संदिग्धों की तलाश में दी दबिश

रविवार रात इंस्पेक्टर शिवमंगल सिंह अपनी टीम के साथ कुछ संदिग्ध युवकों की तलाश में जुटे थे। इस दौरान वह धोबी घाट चौराहे के पास स्थित हुक्का पार्लर पहुंचे तो वहां की हालत देख दंग रह गए। पार्लर में कई लड़के और लड़कियां हुक्के की आड़ में मादक पदार्थ का सेवन कर रहे थे। संदेह होने पर पुलिस ने जांच की तो पिसा हुआ सफेद रंग का मादक पदार्थ मिला। पुलिस का छापा पड़ते ही मालिक वहां से भाग निकले। हालांकि मौके पर मिले अन्य लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने पहुंची। इसमें कई नाबालिक भी थे। पुलिस ने उनके परिजनों को बुलाकर समझाया और फिर छोड़ दिया।

फोरेंसिक लैब की जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।

शिवमंगल सिंह, इंस्पेक्टर, सिविल लाइंस थाना