- गाड़ी ओवरटेक करने पर 12वीं के छात्र की गोली मारकर कर दी हत्या

- हत्याकांड में इस्तेमाल की गई लैंड रोवर वाहन, कारबाईन व 70 राउंड गोली जब्त

- एमएलसी पुत्र रॉकी फरार, उसके पिता कुख्यात बिंदी यादव गिरफ्तार

- बॉडीगार्ड भी पुलिस की गिरफ्त में, विरोध में आज गया बंद

GAYA : गया के पूर्व राजद दबंग जिला पार्षद अध्य्क्ष बिंदी यादव व सत्तारूढ़ दल जदयू की विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे ने केवल ओवरटेक करने पर एक क्ख्वीं के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। गया के प्रमुख व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा के सिर में गोली मारी गई है। एमएलसी का पुत्र रॉकी नई लैंडरोवर लेकर सड़क पर निकला था जो अबतक फरार है।

हालांकि पुलिस ने रॉकी के पिता कुख्यात बिंदी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल बॉडिगार्ड राजेश कुमार भी पुलिस की गिरफ्त में है। बिहार के एडीजी (मुख्यालय) सुनील कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में स्पष्ट है कि गोली एमएलसी पुत्र रॉकी ने चलाई थी। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गया के सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है। पटना के जोनल आइजी वहां कैंप कर रहे हैं।

विपक्ष बोला, जंगलराज आया बिहार में

शनिवार देर रात हुई इस वारदात के बाद राज्य में एक बार फिर सत्तारूढ़ गठबंधन के खिलाफ विपक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। एनडीए ने सोमवार को गया बंद का एलान किया है। भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की है। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केरल घूम रहे हैं और बिहार की जनता अपराधियों के रहम पर जिंदा है। इस घटना से साफ हो गया है कि बिहार में कानून का राज नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि सत्ताधारी दल के विधायक राज्य एक-एक अपराध में लिप्त पाये जा रहे। मुख्यमंत्री अपराध नियंत्रण में असफल रहे हैं। उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। उधर, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

बोधगया से गया के बीच रोडरेज

घटना बीती रात करीब क्0 बजे के बाद की है। बोधगया से गया की ओर आ रही व्यवसायी पुत्र और एमएलसी पुत्र की कारें एक-दूसरे से आगे निकलने की हाड़ में थीं। पास न मिलने पर मनोरमा देवी के बेटे ने आदित्य को गाड़ी को ओवरटेक करके रोका और उसकी पिटाई की। पिटाई के बाद जब आदित्य माफी मांग कर जाने लगा, तभी रॉकी ने पीछे से गोली चला दी, जो आदित्य के सिर में जा लगी। उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय एमएलसी का बॉडीगार्ड राजेश कुमार रौकी के साथ था। बॉडीगार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

फूटा जनाक्रोश, हंगामा

हत्याकांड के बाद पूरा गया शहर उबाल पर आ गया। विरोध में व्यवसायी और कई राजनैतिक पार्टियां सड़कों पर उतर आईं। बाजार बंद हो गए। भीड़ ने सड़क जाम कर हंगामा किया। प्रदर्शनकारी हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए है। देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। आदित्य की अंतिम यात्रा में हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी।

गाड़ी जब्त

गया की एसएसपी गरिमा मलिक ने कहा कि अपराध में प्रयुक्त वाहन को शहर के एपी कालोनी स्थित एमएलसी मनोरमा देवी के घर से बरामद कर लिया है।

एमएलसी पति ने दी सफाई

बिंदी यादव ने कहा कि जो कानून की प्रक्रिया है, वो होगी। हम कानून का सम्मान करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके बेटे को कार से बाहर खींचकर पीटा गया। इसपर उसने आत्मरक्षा में लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलाई, जो गलती से आदित्य को लग गई होगी।

कारोबारी का बेटा है आदित्य

आदित्य गया के एक बड़े कारोबारी का बेटा था। वह गया के नाजरथ स्कूल में क्ख्वी का छात्र था.आदित्य अपने एक दोस्त की बर्थ-डे पार्टी में बोधगया गया था और वहीं से लौट रहा था।