रांची : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर मोरहाबादी के बापू वाटिका स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि सभी मिलकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों के मुताबिक सुखद, स्वावलंबी, समृद्ध, स्वच्छ और सुंदर झारखंड बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्याग्रह के माध्यम से अत्याचार के प्रतिकार की अवधारणा की नींव संपूर्ण अहिंसा के सिद्धांत पर रखी थी। सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह की ताकत का अहसास कराते हुए बापू ने भारत को आजादी दिलाकर पूरी दुनिया के सामने लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों एवं स्वतंत्रता के लिए आंदोलन के नए स्वरूप को सामने रखा।

67 वर्षो बाद प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सपना था कि स्वच्छ भारत का निर्माण हो। आजादी के 67 वर्ष बीत गए लेकिन, पहले की किसी भी सरकार ने महात्मा के सपनों को पूरा करने में अपनी गंभीरता नहीं दिखाई। पहली बार 2014 में जब एक गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना तो उन्होंने लाल किला से यह आह्वान किया कि हमें बापू की 150वीं जयंती पर बापू के स्वच्छ भारत का सपना पूरा करना है। पिछले 5 वषरें में देशवासियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने का काम किया है।

प्लास्टिक का नहीं करेंगे उपयोग

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प लेने की अपील की है। इसके लिए हमें गांव, शहर, छोटी-छोटी गलियों में रहने वाले लोगों को जागरूक कर जिम्मेदार बनाना है। इसके लिए सभी आगे आएं और झारखंड को प्लास्टिक मुक्त बनाएं।

लाल बहादुर शास्त्री ने नई प्रेरणा दी

मुख्यमंत्री ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने जय जवान-जय किसान से देश के सुरक्षा बल और किसानों को नई प्रेरणा दी। आज उनकी प्रेरणा से राज्य सरकार ने झारखंड के किसानों की समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना चला रही है ताकि झारखंड के किसान आर्थिक रूप से सबल हो सकें और समृद्धशाली बन सकें। झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से 218 प्रशिक्षणार्थियों को मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सर्टिफिकेट प्रदान किया। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, सांसद संजय सेठ, विधायक जीतू चरण राम, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, कैबिनेट सचिव अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ। सुनील कुमार वर्णवाल, पेयजल एवं स्वच्छता सचिव आराधना पटनायक सहित अन्य गणमान्य लोग और स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।