LUCKNOW (11 July): राजधानी समेत प्रदेश के सभी जिलों में सोमवार को पौधरोपण का रिकार्ड बनाने के लिए लोगों उत्साह के साथ हिस्सा लिया। सरकारी मशीनरी के अलावा मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधि भी जुटे रहे।

राजधानी लखनऊ में 13 लाख पांच हजार सात सौ पौधे लगाने का लक्ष्य था, जिसमें अभी बीस हजार पौधे लगने शेष हैं। अब मंगलवार सुबह इस लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। गोरखपुर-बस्ती मंडल में तीन जिलों को छोड़कर बाकी जिलों में लक्ष्य से ज्यादा पौधरोपण किया गया। गोरखपुर मंडल में 25,65,000 पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित था। इसमें देवरिया में 6,85,462 के सापेक्ष 22 हजार कम पौधे लगे और कुशीनगर में 4,66,125 के सापेक्ष 19 हजार कम पौधे लगाए गए हैं। बस्ती मंडल के संतकबीर नगर में 2,75,296 के सापेक्ष मात्र दो लाख पौधरोपण किए गए हैं। मंगलवार सुबह तक यह लक्ष्य पूरे कर लिए जाएंगे। अभियान के तहत वाराणसी में 2,2,500, आजमगढ़ में 5,6500, मऊ में 3,92,000, बलिया में 5,45,000, गाजीपुर में 2,75,000, जौनपुर में 5,37,415, मीरजापुर में 12,15,777, चंदौली में, भदोही में 88,500 और सोनभद्र में 30 लाख पौधे रोपे गए। इलाहाबाद मंडल के तीन जिलों में एक साथ 12 लाख से ज्यादा पौधे रोपे गए। अकेले इलाहाबाद में 6,50,202 लाख पौधे रोपे गए। राज्य सभा सदस्य कुंवर रेवती रमण सिंह ने इस महाभियान की शुरुआत की। प्रतापगढ़ में मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने पौधरोपण किया। अमेठी में कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति ने पौधरोपण किया। गोंडा में 63 स्थलों पर पौधरोपण कार्यक्रम शुरू हुआ। कृषिमंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत की। वहां कमिश्नर और डीएम आशुतोष निरंजन और उनकी टीम ने छह लाख दस हजार पौधे रोपे जा चुके हैं। लखीमपुर में 12.30 लाख के लक्ष्य मुकाबले शाम तक 7.50 लाख पौधरोपण किया गया है। बाराबंकी में 97 स्थानों पर कुल आठ लाख पौधे रोपित हो चुके हैं।

पश्चिम उत्तर प्रदेश में रोपे गए 71 लाख पौधे

मेरठ में 43 जगहों पर 112 प्रजाति के 2.86 लाख, सहारनपुर में 141 स्थानों पर 325 हेक्टेयर भूमि पर 980700 पौधे रोपे गए। हापुड़ में करीब डेढ़ लाख, बुलंदशहर में 2.3 लाख, बिजनौर में 8.9 लाख, बागपत में एक लाख और शामली में दो लाख 29 हजार पौधे लगाये गए। अलीगढ़ में 34 स्थलों पर करीब तीन लाख, हाथरस में करीब दो लाख पौधे लगाये गए। बरेली में दो लाख 55 हजार, पीलीभीत में चार लाख, बदायूं में छह लाख 37 हजार और शाहजहांपुर में करीब छह लाख पौधे लगाये गए। गाजियाबाद जिले में 156000 पौधे रोपे गए हैं। आगरा में 4.93 लाख, मथुरा में दो लाख, मैनपुरी में साढ़े चार लाख, फीरोजाबाद में 2.79 लाख, एटा में ढाई लाख और कासगंज में 2.50 लाख पौधे रोपे गए। मुरादाबाद में दो लाख, रामपुर में 2.10 लाख, सम्भल में 78 हजार 163 पौधे लगाये गए।