SP City ने खुद की निगरानी, सभी थानों में सुबह चला सफाई अभियान

पानी डालकर साफ किए गए दाग-धब्बे, हर सप्ताह चलेगा अभियान

ALLAHABAD: सत्ता परिवर्तन के साथ ही बहुत सी चीजें अपने आप बदलने लग जाती हैं। इससे सत्ता की हनक का असर कहें या फिर सबकी निगाह में बने रहने का हथकंडा। आदित्यनाथ योग के मुख्यमंत्री बनने के बाद लखनऊ के थानों के निरीक्षण ने ऐसा संदेश दिया कि शुक्रवार को जिले का हर थाना साफ होता नजर आया। सफाई करने वाला कोई दूसरा नहीं बल्कि वही थे जो अक्सर अपराधियों के पीछे भागते नजर आते हैं। हर थाना, चौकी प्रभारी ने खुद अपने हाथों में झाड़ू उठा रखी थी। मॉनिटरिंग खुद एसपी सिटी कर रहे थे। पुरुष हो या महिला कांस्टेबल सभी ने इसमें जोश के साथ हिस्सा लिया और कैंपस को धो डाला।

बंदूक छोड़ जुट गए सफाई में

जिन हाथों में लोग बंदूक देखा करते थे जब उन्हीं आंखों में लोगों ने झाडू थामे देखा, तो कुछ पल के लिए थाने और उसके आस पास के लोग यह नजारा देख हैरान थे। थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ ही पुलिसकर्मियों के हाथों में झाड़ू थी और वह थाना परिसर को साफ करने में पूरी ही तनमन्यता से जुटे थे। यह किसी एक थाने का हाल नहीं बल्कि जिले के सभी थानों का हाल था। पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर ही नहीं कैंपस में स्थित शौचालय आदि को भी साफ किया। झाड़ू लगाने के बाद पानी से धोया ताकि गंदगी कहीं दिखे न। इस दौरान थाने में आने वाले लोगों से भी आग्रह किया गया कि वे गंदगी न फैलाएं। स्वच्छता अभियान सुबह सात बजे से नौ बजे तक चला।

बाक्स

एसपी ट्रैफिक ने दिलाई शपथ

स्वच्छता अभियान से ट्रैफिक पुलिस भी अछूती नहीं रही। सुबह ट्रैफिक लाइन में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यहां के कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर गंदगी हटाई और फिर कैंपस को खुद साफ-सुथरा रखने की शपथ ली। एसपी ट्रैफिक निहारिका शर्मा ने ट्रैफिक पुलिस लाइन में अपने साथी पुलिस कर्मियों के साथ स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी शपथ दिलाई। इस दौरान ट्रैफिक टीआई एके मिश्रा समेत समस्त टीएसआई व जवान मौजूद रहे।