बकरीद की नमाज को लेकर तैयारियों का निरीक्षण करने निकले नगर आयुक्त ने की कार्रवाई

ALLAHABAD: ईइ उल अजहा यानी बकरीद पर नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने शहर में बेहतर सफाई व्यवस्था का दावा किया था। लेकिन इसके एक दिन पहले ही निगम का दावा फेल हो गया। यह गड़बड़ी भी खुद नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने पकड़ी, जब वे तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए शहर में निकले। इसके लिए उन्होंने जोन-दो के सफाई नायक राजपाल को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया।

पुराने शहर का निरीक्षण

नगर आयुक्त अविनाश सिंह मंगलवार की सुबह अधिकारियों की टीम के साथ पुराने शहर के निरीक्षण पर निकले। निरंजन डॉट पुल के पास पहुंचे ही थे कि सड़क के दोनों तरफ पटरी पर कूड़े का ढेर नजर आया। जानसेनगंज चौराहे से हीवेट रोड, मोती महल सिनेमा के पास व चंद्रलोक सिनेमा से पहले भी काफी कूड़ा फैला था। नगर आयुक्त ने जोन दो के जोनल अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था का निर्देश दिया। ईदगाह के आस-पास भी सफाई बेहतर नहीं थी। चंद्रलोक से घंटाघर जाने वाली रोड पर भी कचरा फैला था। कोतवाली के पास स्थित जामा मस्जिद के आस-पास भी गंदगी थी। नुरुल्ला रोड पर लाल कॉलोनी के पास पब्लिक ने काफी दिनों से गंदगी जमा होने व कचरा न उठने की शिकायत की। इससे नाराज नगर आयुक्त ने लापरवाही के आरोप में क्षेत्रीय सफाई नायक राजपाल को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया।