सफाई कर्मचारियों की छुट्टी से शहर में लगे कूड़े के ढेर

Meerut। दीपावली के बाद मंगलवार को भाईदूज भी आखिरकार बीत ही गया लेकिन नगर निगम ने शहर के लोगों को त्यौहारों पर साफ सफाई का जो सपना दिखाया था वह पूरा नहीं हो सका। दिवाली से भाई दूज तक सफाई कर्मचारियों की मनमानी हावी रही जिसके चलते शहर की सफाई नही हो सकी।

जगह-जगह कूड़ा

शहर में औसतन एक दिन में 800 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। ऐसे में तीन दिन में 2400 मीट्रिक टन कूडे़ का ढेर शहर में जगह-जगह लगा हुआ लेकिन निगम इस कूडे़ को देखकर भी दो दिन से अनदेखा कर रहा है। नगर निगम के सफाई कर्मचारी दिवाली से भाईदूज तक अवकाश पर हैं जबकि 18 सौ से अधिक संविदा कर्मचारियों को दीपावली के अगले दिन ही ड्यूटी पर आने को कहा गया था, लेकिन अधिकतर कर्मचारी दो दिन से छुट्टी पर हैं। इस कारण से शहर के अधिकतर हिस्सों में सफाई नहीं हो सकी और न ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन हो रहा है।

अवकाश के बावजूद शहर में सफाई कराई गई है। कई जगह से कूड़ा भी उठाया गया है, लेकिन पूरी तरह शहर एक दिन में साफ नहीं हो सकता है। कल सभी जगह से कूड़ा उठा लिया जाएगा।

डॉ। गजेंद्र, नगर स्वास्थ्य अधिकारी