-शहर में पहुंची शहरी विकास मंत्रालय की टीम, सर्वे शुरू

-शहर के 42 प्वाइंट को किया चिह्नित, तीन तक चलेगा सर्वे

Meerut: भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान के अंतर्गत केन्द्र की टीम ने शहर का सर्वे शुरू कर दिया है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय पहुंची टीम ने निगम अफसरों को साथ लेकर शहर के कई इलाकों का भौतिक सर्वे किया। इस तीन दिवसीय स्वच्छता रैंकिंग सर्वे के दौरान टीम शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर साफ सफाई की हकीकत से रू-ब-रू होगी।

जानेगी जन सुविधाओं का हाल

शहरी विकास मंत्रालय के निर्देश में काम कर रही क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एजेंसी प्रा। लि। के सदस्यों ने बुधवार को शहर की स्वच्छता का हाल जाना। एजेंसी के डायरेक्टर नितिन जैन ने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से यह सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के दौरान सॉलिड वेस्ट के निस्तारण, शहरवासियों में सफाई को लेकर जागरुकता, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, डिस्पॉजल प्रोसेसिंग आदि प्रोग्राम के सर्वे किया जाएगा।

42 लोकेशन पर होगा सर्वे

क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एजेंसी प्रा। लि। के डायरेक्टर नितिन जैन ने बताया कि स्वच्छता रैंकिंग सर्वे के लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। इन जोन में ऐसी 42 लोकेशन को चुना गया है, जहां सर्वे किया जाना है। इनमें कम्यूनिटी टॉयलेट, पब्लिक टायलेट, वैध और अवैध कालोनी, धार्मिक स्थल, मेन मार्केट, सब्जी मंडी, रेलवे स्टेशन व बस अड्डों का सर्वे किया जाएगा। इस दौरान भौतिक सर्वे के अलावा लोकल लोगों से इस संबंध में बातचीत भी की जाएगी। उन्होंने बताया सर्वे के बाद सर्वे रिपोर्ट मंत्रालय को भेज दी जाएगी। बुधवार को टीम के सदस्यों ने भोला रोड, टीपी नगर, सूरजकुंड व शर्मा नगर आदि क्षेत्रों का सर्वे किया।