RANCHI: राजधानी रांची में हाल के दिनों में चोरी की वारदातों में बढ़ोतरी हुई है। चोरी की ज्यादातर घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं, जब घर में कोई नहीं होता है। दरअसल इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोरों का एक बड़ा गैंग सिटी में एक्टिव है, जो पहले कई इलाकों में घूमकर रेकी करता है। इस दौरान जिस घर में ताला लगा रहता है या घर अगर बंद मिलता है तो उन इलाकों में चोरों का गिरोह अपना हाथ साफ कर देता है। बीती रात ही चुटिया के कृष्णापुरी इलाके में चोरों ने एक बंद घर को अपना निशाना बनाया। पिछले एक हफ्ते में रांची के तीन बंद घरों में चोरी हुए। वहीं पिछले दस महीने की बात करें तो केवल रांची में 1791 चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।

निशाने पर बंद घर

जिस तरह राजधानी में हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाएं हुई हैं। इससे स्पष्ट होता है कि चोरी करनेवाला गिरोह भली-भांति इस बात से परिचित होता है कि घर में कोई नहीं है, क्योंकि ज्यादातर बंद घरों को अपराधी निशाना बन रहे हैं।

पहले घूमकर करते हैं रेकी

गिरोह के लोग पहले इलाके में घूम कर रेकी करते हैं। जब उन्हें घर में किसी के नहीं होने की जानकारी मिलती है, तब ऐसे घरों को टारगेट कर वे रात में चोरी करते हैं। और आराम से भाग निकलते हैं। रांची में पिछले एक सप्ताह की बात करें तो चोरों ने तीन बन्द घरों को अपना निशाना बनाया और लाखो रुपए की चोरी करके फरार हो गए।

सकते में रांची पुलिस

राजधानी में चोरी की घटनाओं में हुई अप्रत्याशित वृद्धि से रांची पुलिस सकते में है। लेकिन चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन चोर किसी ना किसी घर या दुकान को अपना निशाना बना रहे हैं और खुलेआम पुलिस को ठेंगा दिखा रहे हैं। राजधानी के लगभग सभी थाना क्षेत्रों का अमूमन हाल ऐसा ही है। पुलिस चोरी की वारदात के बाद जांच पड़ताल में जुट तो जाती है, लेकिन चोरों तक पहुंच नहीं पाती है। इसलिए अब पुलिस जनता को ही सतर्क कर घटनाओं पर अंकुश लगाने की कवायद में जुट गई है।

चोरी रोकना बड़ी चुनौती

राजधानी में पिछले दिनों हुई चोरी की घटनाओं में जहां पुलिस को थोड़ी सफलता मिली थी, वहीं कई मामलों में अब भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बाहर का गैंग इन दिनों राजधानी में एक्टिव है, जिससे चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

पुलिस फिलहाल उन चोरों को पकड़ने में लगी हुई है। रांची पुलिस समीक्षा बैठक कर घटनाओं पर अंकुश लगाने की कवायद में जुट गई है। साथ ही शहर के लोगों से भी पुलिस जागरूक रहने की अपील कर रही है, ताकि चोरी की घटनाओं में कमी आ सके। इसके बावजूद चोर अपने आतंक से सभी को अंगूठा दिखा रहे हैं। ऐसे में पुलिस के लिए ये चुनौती आसान नहीं है।

इस माह चोरी

8 दिसंबर 2019: चुटिया थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी रोड नंबर 14 में कृष्णा सिंह के मकान में ताला तोड़कर चोरी की गई। बताया जा रहा है कृष्णा सिंह शादी समारोह में भाग लेने दो दिन पहले अपने पैतृक गांव साहेबगंज गए हुए हैं। चोरों ने ग्रिल का ताला काट कर घर के अंदर प्रवेश कर चोरी की।

6 दिसंबर 2019: नामकुम पावर ग्रिड से हटिया ग्रिड तक बनी नवनिर्मित ट्रांसमिशन लाइन के करीब 10 किमी तार काट कर ले गये थे। इसकी लागत लगभग 15 लाख रुपए है।

5 दिसंबर 2019: नामकुम थाना क्षेत्र के लोवाडीह हाइटेंशन कॉलोनी के क्वार्टर नंबर छह में रहनेवाले हाइटेंशन इंसुलेटर फैक्टरी के पूर्व स्टोर ऑफिसर शिवपूजन सिंह के घर का ताला तोड़ कर चोरों ने लगभग चार लाख के गहने व लैपटॉप की चोरी कर ली।