- पश्चिमी विक्षोभ के कारण 20 जनवरी से पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र होगा प्रभावित

-39.4 मिमी बारिश एक जनवरी से 19 जनवरी तक राज्य में हुई

-03 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि रांची के अधिकतम तापमान में हुई

-04 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि रांची के न्यूनतम तापमान में हुई

रांची : मौसम में आए परिवर्तन के कारण रविवार की सुबह से बादल छाया रहा। सुबह में हुई बूंदाबांदी के कारण फिर से ठंड बढ़ गई है। वहीं मौसम पूर्वानुमान के तहत अगले दो दिनों तक सुबह में कुहासा या कोहरे की धुंध छाए रहने की संभावना है। 22 व 23 जनवरी को सुबह में कोहरा छाया रहेगा और आंशिक बादल छाए रहेंगे।

0.6 मिमी बारिश

मौसम विभाग ने रविवार को 0.6 मिमी। बारिश दर्ज किया। मौसम विभाग के अनुसार 01 जनवरी से अब तक रांची में 39.4 मिमी। बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 20 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र प्रभावित होगा। फिलहाल उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों में समुद्रतल से ऊपर 2.1 व 3.6 किमी। क्षेत्र के बीच साइक्लोनिक सर्कुलेशन स्थित है। जबकि पश्चिमी विक्षोभ के रूप से इस सिस्टम से जुड़ा एक टर्फ बना हुआ है। उन्होंने बताया कि सामान्य तापमान की अपेक्षा रविवार को रांची के अधिकतम तापमान में 3.0 व न्यूनतम तापमान में 4.0 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।

दो से चार डिग्री की होगी गिरावट

मौसम पूर्वानुमान के तहत आगामी दो-तीन दिनों तक रात के तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आगामी दो दिनों तक एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि आगामी चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। रविवार को सामान्य तापमान की अपेक्षा जमशेदपुर के अधिकतम तापमान में 3.0 व न्यूनतम तापमान में 4.0 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। डालटनगंज के अधिकतम तापमान में 4.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट व न्यूनतम तापमान में 6.0 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में डालटनगंज में 10.2 मिमी। बारिश दर्ज की गई।

-------

------

रविवार का तापमान (डिसे। में)

शहर अधिकतम न्यूनतम

रांची 21.3 13.2

कांके 19.6 13.5

जमशेदपुर 25.2 15.2