-सीएम ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ किया रवाना

PATNA: शनिवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के पास से सीएम नीतीश कुमार ने जागरूकता रथ रवाना किया। पूरे सूबे में जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं के संबंध में बताया जाएगा। योजनाओं पर केंद्रित एक घंटे की फिल्म भी दिखाई जाएगी।

प्रखंड स्तर तक जाएगा रथ

बताया गया कि जागरूकता रथ बिहार के सभी जिलों में सरकार द्वारा किए गए कार्यो की जानकारी देगा। प्रथम चरण में यह रथ प्रखंड स्तर तक जाएगा। इसके बाद द्वितीय चरण में सभी गांव-हाट और बाजार तक लोगों के बीच पहुंचेगा।

साथ में कला जत्था की टीम भी

जागरूकता रथ के साथ कला जत्था के कलाकारों की टीम द्वारा लोगों को सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इस क्रम में विशेष रूप से समाज सुधार से जुड़े कार्यक्रम क्रमश: शराबबंदी, दहेज प्रथा उन्मूलन और बाल विवाह उन्मूलन अभियान के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।

फिल्म में 7 निश्चय योजनाएं

जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को एक घंटे की फिल्म भी दिखाई जाएगी। यह फिल्म सात निश्चय, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, वंचित वर्गो के उत्थान, प्रशासनिक सुधार, सामाजिक सुधार और कृषि सहित अन्य क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए गए कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगी। जिसमें सभी सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।

ये थे मौजूद

मौके पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव मनीष कुमार वर्मा और मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी मौजूद थे। कला जत्था के कलाकारों ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।