क्त्रन्रूद्दन्क्त्र॥: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि आगामी पांच वर्षो में क्षेत्र के विकास की लंबी लकीर वह खुद अपने हाथों से खीचेंगे, ताकि प्रदेश में कोई भूखा न मरे, हर हाथ को काम मिले एवं हर खेत को पानी। वे शनिवार को रजरप्पा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य की आंतरिक शक्तियों को समृद्ध किया जाएगा, जो देश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। पर्यटन, धार्मिक और प्राकृतिक स्थल को भी विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस बीच तकरीबन 200 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन भी किया।

मां छिन्नमस्तिके से लिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास किसी चीज की कमी नहीं है। बुद्धिमता के साथ-साथ हुनर भी यहां के लोगों में भरा है। सरकार सुनियोजित तरीके से विकास की गाड़ी को आगे बढ़ा रही है। लोगों को बहुत जल्द बदलाव देखने को मिलेगा। कहा, उन्होंने मां छिन्नमस्तिका के चरणों में शीश झुकाकर यह आशीर्वाद मांगा है कि यहां के लोगों ने जिस उम्मीद से उन्हें झारखंड का ताज सौंपा है, उस पर खरा उतरें।

अतुल्य रामगढ़ का विमोचन

दोपहर करीब तीन बजे रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित हेलीपैड में उतरने के बाद वे सीधे मां छिन्नमस्तिके के दरबार में पहुंचे। पूजा के बाद सीएम ने कहा कि राज्य ही नहीं देश-विदेश के लोगों की भी मां छिन्नमस्तिका के प्रति आस्था है। झारखंड केवल अपने खनिज के लिए ही चर्चित नहीं है बल्कि यहां की संस्कृति, सभ्यता और प्राकृतिक सौंदर्य अपनी अलग पहचान रखता है। सीएम ने इस दौरान डाक विभाग द्वारा तैयार विशेष आवरण, रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा तैयार कॉफी टेबल बुक 'अतुल्य रामगढ़' और कैलेंडर का विमोचन किया।