छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सरकार ने नया जमशेदपुर शहर बसाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सपना मैंने बहुत पहले तब देखा था जब लुआबासा पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। नया जमशेदपुर शहर बसाने की प्रक्रिया तेज करने और तमाम साधन-सुविधाओं से युक्त जमशेदपुर शहर बसाने के लिए बहुत जल्द जमशेदपुर रिजनल डेवलपमेंट अथारिटी का गठन किया जाएगा। मुख्यमंत्री जमशेदपुर से सटे धानचटानी में मंगलवार को आयोजित जन चौपाल में आए लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चांदी और सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए कुछ राजनीतिज्ञों ने झारखंड को 14 वर्ष तक लूटा। यहां के लोगों को भटका कर अपनी मतपेटी और अर्थपेटियां भरीं। 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर राज्य की जनता ने स्थिर सरकार बनाया। सरकार और जनता में कोई दूरी न रहे, इसीलिए सूबे के विभिन्न इलाकों में जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। जिससे जनता और सरकार आमने-सामने बैठक समस्याओं पर चर्चा करें और समाधान निकले।

शिलान्यास व उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने 18 करोड़ 53 लाख 30 हजार की योजनाओं का उद्घाटन किया। 113 करोड़ 56 लाख 40 हजार रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। तीन करोड़ 77 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया। सीएम ने कहा कि जल्द जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के बगल में महिला विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जाएगा।

कमल समृद्धि का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने लोगों को दीपावली, काली पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता लक्ष्मी कमल पर विराजती हैं। इसलिए कमल समृद्धि का प्रतीक है और जहां कमल होगा वहां निश्चित रूप से विकास होगा। समृद्धि आएगी।

2022 तक हर गांव में पाइप लाइन से वाटर सप्लाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि 2022 तक हर गांव में पाइप लाइन के जरिए पीने के शुद्ध पानी की आपूर्ति की जाएगी। सरकार अपने लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधारभूत संरचना का विकास सरकार की पहली प्राथमिकता है। दिसंबर 2018 तक हर गांव में बिजली पहुंच जाएगी, चाहे गांव पहाड़ी की ऊंचाई पर ही क्यों न हो। साथ ही हर गांव में पानी, सड़क व सतर्क विधि-व्यवस्था देकर गांव व शहर का भेद मिटा दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य के 32 हजार गांवों में बहुत जल्द 1400 नये तालाब खोदे जाएंगे। इससे रोजगार सृजन भी होगा और खेती के लिए पानी भी उपलब्ध होगा।

25 हजार नौकरियां देगी सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ही राज्य में 25 हजार नौकरियां देगी। सरकार का कौशल विकास पर खास जोर है और नौकरियां इसी से आएंगी।