-शताब्दी समारोह में बोले सीएम - पुलिस को सभी सुविधाएं करा दीं मुहैया

ARA/PATNA: आपराधिक मामले की जांच-पड़ताल नई तकनीक के आधार पर करें लेकिन पुराने तौर-तरीके को कभी मत भूलिए। थाने से लेकर पुलिस मुख्यालय तक आवश्यक सुविधाएं और संसाधन मुहैया करा दिए गए हैं। अब पुलिस आमजनों की सुरक्षा की अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाएं। यह बातें सीएम नीतीश कुमार ने कही। वे गुरुवार को आरा में अश्वारोही सैन्य पुलिस के शताब्दी समारोह में बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि वर्ष 2019 के अक्टूबर में अश्वारोही सैन्य पुलिस ने सौ वर्ष पूरे कर लिए। देश की आजादी के बाद प्रथम गणतंत्र दिवस समारोह 1950 में पटना में अश्वारोही सैन्य बल का प्रदर्शन हुआ था। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों में बदलाव जरूर हुआ है और नई तकनीक का प्रभाव बढ़ा है। लेकिन, किसी जमाने में अश्वारोही सैन्य पुलिस की कानून-व्यवस्था में बड़ी भूमिका थी। आज भी कानून व्यवस्था स्थापित करने में इसकी अहम भूमिका है और भविष्य में भी रहेगी। उन्होंने कहा कि अश्वारोही सैन्य बल की संख्या में वृद्धि करें, धन की कमी नहीं होगी।

जागरुकता से रुकेगी दुर्घटनाएं

नीतीश कुमार ने कहा कि अपराध की अलग-अलग घटनाओं की क्षेत्रवार समीक्षा कर उन्हें खत्म करने की कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2007 में नया एक्ट बना और सभी थानों में कानून व्यवस्था व जांच-पड़ताल की जिम्मेदारी अलग-अलग पदाधिकारियों को दे दी गई है। इससे मामलों की जांच का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जन-जागरूकता जैसे कार्यक्रमों को चलाने की भी बात कही। सीएम ने कहा कि आरा एक ऐतिहासिक जगह है। बाबू कुंवर सिंह की याद शताब्दी समारोह में घोड़ों और घुड़सवारों के करतब देखकर ताजा हो गई। उनके साथ डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय, अश्वारोही सैन्य पुलिस महानिदेशक एसके ¨सघल, अपर मुख्य सचिव अमीर सुबहानी, प्रधान सचिव चंचल कुमार, डीएम रोशन कुशवाहा, एसपी सुशील कुमार समेत अन्य उपस्थित थे।