-पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को सजग करना होगा

PATNA: अगर अपने बच्चों से मोहब्बत है तो उनके बेहतर कल के लिए पेड़ लगाएं। सिर्फ बेटा-बेटी कहने से काम नहीं चलेगा। उन्हें सुंदर भविष्य देने से जुड़ा है पर्यावरण संरक्षण का मामला। यह बातें शुकवार को सीएम नीतीश कुमार ने राजधानी स्थित बापू सभागार में कही। उन्होंने जीविका दीदियों, स्कूली बच्चों, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर जागरूकता अभियान का आरंभ किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि इस अभियान का मूल यह है कि बगैर जल और हरियाली के जीवन नहीं है। इस अभियान के लिए विभिन्न बिंदुओं को शामिल कर कार्ययोजना बन रही है। इस कार्ययोजना का क्रियान्वयन मिशन मोड में किया जाएगा।

पृथ्वी बचाने में बढ़ाएं भागीदारी

सीएम ने कहा कि नौ अगस्त को पूरा देश अगस्त क्रांति दिवस मनाता है। बिहार में इस दिवस को हम कुछ वर्षो से बिहार पृथ्वी दिवस के रूप में मनाते हैं। महत्वपूर्ण यह है कि पृथ्वी के संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ाया जाए। जलवायु परिवर्तन की जो समस्या है उससे पर्यावरण संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इनसे जुड़ी सभी समस्याओं को ध्यान में रख हमलोगों ने पूरे बिहार में विशेष अभियान चलाए जाने का फैसला किया है।

जलवायु परिवर्तन का असर

सीएम ने कहा कि सावन का महीना लगभग खत्म होने को है। ऐसे में यहां वर्षापात की स्थिति क्या है उसे देख लीजिए। ऐसी स्थिति का उत्पन्न होना ही जलवायु परिवर्तन है। किस वजह से यह जलवायु परिवर्तन हो रहा उसके बारे में हमें गंभीरता से सोचना होगा। सभी को इसके बारे में प्रेरित करना होगा। उन्होंने कहा कि इस बात को केंद्र में रख पिछले माह 13 जुलाई के सभी दलों के लोगों ने इस समस्या पर विमर्श किया। हमलोगों ने जल-जीवन-हरियाली अभियान चलाए जाने का फैसला किया। जल और हरियाली है तभी जीवन और खुशहाली है।

पौधे लगाएं, पुराने पेड़ बचाएं

सीएम ने कहा कि हाल यह है कि गर्मी बढ़ती चली जा रही है, ग्लेशियर कम हो रहे और रेगिस्तान फैलता चला जा रहा। अगर इन पर ध्यान नहीं दिए तो परेशानी होगी। वृक्ष ही शक्ति है। ध्यान देना होगा कि हम किस तरह से विकास का काम करते हैं।