- मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ की वीडियो कांफ्रेंसिंग

PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर सूबे में सुखाड़ और बाढ़ की स्थिति पर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बाढ़ पीडि़तों की सहायता की गई है, ठीक उसी तरह सूखा से प्रभावितों की भी मदद भी सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम विज्ञान के प्रतिनिधि ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार दक्षिण बिहार में सूखे का अंदेशा है। सभी जिलाधिकारी अपने-अपने प्रखंडों और पंचायतों में सूखे की स्थिति का आकलन शीघ्र कर लें। राज्य सरकार डीजल सब्सिडी के तहत अब एक लीटर डीजल पर साठ रुपए का अनुदान दे रही है। सभी जिलाधिकारी जल्द से जल्द किसानों को डीजल सब्सिडी का लाभ उपलब्ध कराएं। वैकल्पिक फसल लगाने की भी व्यवस्था की जाए। यह भी देख लिया जाना आवश्यक है कि जिस वैकल्पिक फसल का चयन होता है उसकी मार्केटिंग की क्या संभावना है? जो किसान फसल नहीं लगा पाए हैं उनकी सहायता के बारे में भी योजना बनाए जाने पर विचार करना होगा। जिलाधिकारी एक समय सीमा के अंदर पंचायतवार पूरे मसले पर आकलन कर लें कि किस प्रकार से ऐसे लोगों की सहायता की जा सकती है।

हरियाली का काम भी शुरू करें

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जल-जीवन-हरियाली अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि इसे मिशन मोड में क्रियान्वित किया जाएगा। दो अक्टूबर तक प्रत्येक पंचायत में इससे संबंधित कोई न कोई काम शुरू किया जाएगा। लोगों को वृक्ष लगाने तथा जल का दुरुपयोग रोकने को ले जागरूक करना होगा। फसल चक्र के बारे में कृषि विभाग को जितनी जल्दी हो सके योजना बनानी चाहिए। यह जल-जीवन-हरियाली का ही एक हिस्सा है। समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य, मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व्यास जी, मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय, कई अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार व अनुपम कुमार भी शामिल हुए। वीडियो कांफ्रेंसिंग में सभी प्रमंडलीय आयुक्त और पुलिस अधीक्षक भी शामिल थे।