-सीएम नीतीश ने कहा, सुरक्षा को लेकर चिंता मत कीजिए

PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार के खाद्यान्न एवं खाद्य पदार्थ के कारोबारियों के सम्मेलन में व्यवसायियों को आश्वस्त किया कि अपनी सुरक्षा को लेकर आपलोग चिंता मत कीजिए, हम पूरा टाइट किए हुए हैं। कोई कुछ कर देगा तो हम किसी को छोड़ने वाले नहीं हैं। गलत काम करने वालों को कोई राहत नहीं मिलेगी। हम न तो किसी को फंसाते हैं और न ही बचाते हैं। न्यायपालिका से सजा मिलेगी। चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद, उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, उद्योग मंत्री श्याम रजक व श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद थे।

समस्या हो तो तुरंत बताएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटनाएं होती हैं पर जब उनका विश्लेषण होता है तो साठ प्रतिशत मामलों में यह बात सामने आती है कि उसके मूल में भूमि या फिर संपत्ति विवाद है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आजकल उनसे सुरक्षा उपल?ध कराए जाने को बात कहते हैं। मैंने उन्हें समझाया कि इसका क्या मतलब है। इंदिरा गांधी को किसने मारा था? वैसे अगर कारोबारियों को किसी भी तरह की समस्या हो तो तुरंत खबर कीजिए, हम सुरक्षा देंगे।

पर्यावरण संरक्षण की बात की

मुख्यमंत्री ने कारोबारियों से आहवान किया कि मन में यह संकल्प लीजिए कि बिहार को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने इस मौके पर जल-जीवन-हरियाली अभियान का खास तौर पर जिक्र किया। यह कहा कि आपके पास लोग आते हैं उन्हें पर्यावरण के बारे में बताइए कि किस तरह का संकट है। फसल चक्र में परिवर्तन की बात बताएं क्योंकि पानी का संकट है। अब जो परिस्थिति है उसमें यह कोई कह नहीं सकता कि बारिश कब होगी। बेटी को पढ़ाएं इसके लिए प्रेरित कीजिए।