- दीदार-ए-ताज करने वाले बीजेपी के पहले सीएम बने योगी

- शहंशाह शाहजहां और बेगम मुमताज की कब्र भी देखी

आगरा। मोहब्बत की निशानी ताज और बीजेपी नेताओं के विवादों को सीएम योगी आदित्यनाथ ने ताज के दीदार के साथ विराम लगा दिया। योगी यूपी में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए जिन्होंने ताज का दीदार किया। उन्होंने करीब 40 मिनट ताज में बिताया और स्मारक के बारे में न सिर्फ जानकारी ली बल्कि पर्यटकों के साथ फोटोज भी क्लिक कराई व उनके साथ बातचीत भी की।

एएसआई से जाना ताज का इतिहास

स्वच्छता अभियान के बाद वे ताज पहुंचे। यहां सबसे पहले एएसआई ने उन्हें अपने प्रजेंटेशन के माध्यम से ताज के बारे में जानकारी दी। एएसआई ने सीएम को ताज के इतिहास के बारे में बताया। यहां उन्होंने ताज के लिए एएसआई द्वारा किए जा रहे कार्यो की भी जानकारी ली। एएसआई आगरा सर्किल के चीफ डॉ। भुवन विक्रम ने प्रजेंटेशन दिया।

ताज के दीदार के दौरान लगे भारत माता की जय के नारे

इसके बाद वे बाहर निकले और ताज के मुख्य कब्र परिसर की ओर गए। भारी सुरक्षा के बीच योगी की फोटो लेने के लिए पर्यटकों में भी होड़ लगी रही। इस दौरान सीएम ने कुछ बच्चों के साथ फोटोज क्लिक कराई। फोटो क्लिक कराने के दौरान कुछ लोगों ने भारत माता की जय और योगी-योगी के नारे भी लगाए।

उतर गए योगी के शू-कवर

ताज के मुख्य कब्र परिसर में जाने के लिए शू-कवर की आवश्यकता होती है। स्मारक परिसर में जाते वक्त उन्होंने शू-कवर तो पहन लिए थे, लेकिन चलते हुए दोनों उतर गए। इसके बाद वे काफी देर तक बिना शू-कवर के ही मुख्य कब्र परिसर में रहे। यहां उन्होंने शाहजहां और मुमताज की कब्र भी देखी और उसके बाद यमुना नदी की ओर चले गए। यहां उन्होंने यमुना नदी हालत में सुधार लाने के प्लान को लेकर चर्चा की और हेरिटेज वॉक वे प्रोजेक्ट के बारे में भी जानकारी ली।

वापसी के दौरान लोगों का किया अभिनंदन

ताज से निकलते हुए उन्होंनें फिर कुछ पर्यटकों के साथ सेल्फी ली और लोगों का हाथ हिलाकर अभिनंदन भी किया। यहां से वे पूर्वी गेट से होते हुए ताज खेमा पहुंचे। यहां स्कूली बच्चों के चित्रकला प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके बाद 141 करोड़ के मुगल म्यूजियम का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की क्वालिटी बरकरार रखने और उसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।