- सीएम स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत आयोजित प्लास्टिक वेस्ट संग्रह श्रमदान कार्यक्रम में बोले

- आज भारत विश्व में स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड अम्बेसडर बन गया है

LUCKNOW: सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्लास्टिक मुक्त यूपी अभियान में सड़क पर पड़े प्लास्टिक के कूड़े को न सिर्फ उठाया बल्कि प्लास्टिक का जीवन से परित्याग करने की अपील भी की। उन्होंने कहा, प्लास्टिक जीवन के लिए खतरा बन चुकी है। इससे मुक्ति पाए बिना न तो पर्यावरण का संरक्षण हो सकता है और न जीवन पर मंडरा रहा संकट दूर हो सकता है। गांधी जयंती पर नगर निगम द्वारा 1090 चौराहे पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत प्लास्टिक वेस्ट संग्रह श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

आज हर चीज में प्लास्टिक

सीएम ने कहा कि खाद्य सामग्री ले जाने या रखने में प्लास्टिक का यूज हो रहा है। यह कैंसर जैसी बीमारी का प्रमुख कारण है। प्लास्टिक से नगरीय सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। नालियां व सीवर चोक हो रहे हैं। नष्ट न होने के कारण ये भूजल रिचार्ज को भी प्रभावित कर रही है। गायों के पेट से 10-15 किलो पॉलिथीन निकल रही है।

बापू ने दिया था स्वच्छता का मंत्र

सीएम ने कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता, स्वदेशी, ग्राम स्वराज और सादगी का जो मूल मंत्र दिया वह सबके लिए अनुकरणीय है। पीएम मोदी ने 2 अक्टूबर, 2014 को स्वच्छ भारत मिशन का जो संकल्प लिया था। उसके अन्तर्गत प्रदेश सरकार द्वारा 02 करोड़ 61 लाख शौचालय बनाये गये, जिससे राज्य को ओडीएफ घोषित करने में सफलता मिली। आज भारत विश्व में स्वच्छता मिशन का ब्रांड एंबेसडर बन गया है।

बाक्स

सीएम ने दिलाई शपथ

इस दौरान सीएम ने लोगों को पॉलिथीन का त्याग करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि घर, विद्यालय, कार्यस्थल व समारोह के दौरान प्लास्टिक अथवा थर्माकोल से निर्मित कप, प्लेट, गिलास आदि का प्रयोग न करने का प्रण लें। इस दौरान नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, जलशक्ति मंत्री डॉ। महेन्द्र सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक डॉ। नीरज बोरा, अविनाश त्रिवेदी, प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार, नगर आयुक्त डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।