-मंगलवार को आगरा पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया वर-वधू को आर्शीवाद

-श्रम विभाग के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में रिकार्ड 1260 जोड़े हुए एकदूजे के

आगरा: प्रदेश में ढाई वर्ष पहले लागू सामूहिक विवाह योजना ने सरकार ने गरीब की बेटियों के घर बसाए हैं। अब तक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1 लाख से अधिक जोड़ों का मिलन कराया है। मंगलवार को आगरा के कोठी मीना बाजार ग्राउंड से सीएम योगी आदित्यनाथ ने सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। श्रम विभाग द्वारा आयोजित इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में रिकार्ड 1260 जोड़ों की रीति-रिवाज के साथ शादी संपन्न हुई।

बच्चों को भी मिलेगी शिक्षा

मंगलवार को उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्या विवाह सहायता योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने 1260 जोड़ों को आशीर्वाद दिया। अपने संबोधन में सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देश पर गत ढाई वर्ष से प्रदेश में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश के 45 हजार रजिस्टर्ड श्रमिकों के परिवारों को सशक्त बनाने के लिए सरकार काम कर रही है। योजना के तहत रजिस्टर्ड श्रमिक के खाते में बेटी की शादी के लिए 75 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। गरीब श्रमिक की बेटी की शादी का जिम्मा सरकार ने ले लिया, अब उनके बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार ले रही है। मंगलवार को ही विधानसभा में पेश यूपी बजट को दोहराते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश के 18 मंडल मुख्यालयों में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण हो रहा है। जिनमें श्रमिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा और रहना-खाना उपलब्ध होगा। आगरा में कोरई में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण हो रहा है।

ऐतिहासिक है आयोजन

श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने बताया कि आगरा में कोठी मीना बाजार का यह सामूहिक शादी समारोह ऐतिहासिक है। ऐसा पहली बार हुआ है जब एक साथ 1260 जोड़े एक कार्यक्रम के दौरान एकदूजे के हुए। उन्होंने बताया कि मंडलभर से जुटे श्रमिक परिवारों में से 36 कन्याएं मुस्लिम परिवार की भी हैं। महापौर नवीन जैन ने कहा कि जल्द ही आगरा में 2100 जोड़ों की एकसाथ शादी का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में सांसद एसपी सिंह बघेल ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। सांसद राजकुमार चाहर, राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, डॉ। जीएस धर्मेश, जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह, महानगर अध्यक्ष भानु महाजन आदि मौजूद थे। एफमेक के अध्यक्ष पूरन डावर ने मंच पर सीएम को सम्मानित किया।

मंत्रोउच्चारण के बीच संपन्न हुआ विवाह

सामूहिक विवाद समारोह में एक तरफ मंत्रों की गूंज तो दूसरी तरफ कलमा की आवाज। माहौल में हवन की सुगंध। खजूर और शर्बत का भी पूरा प्रबंध। सुलहकुल की नगरी में मंगलवार को कोठी मीना बाजार मैदान में यह नजारा देखने को मिला। आयोजन स्थल पर लाल जोड़े में सजी दुल्हनें बरात आने का इंतजार कर रही थीं। मंगल गीत गाए जा रहे थे। बरात आई, तो हर शख्श देखता रह गया। अगुवाई 40 सदस्यीय बैंड कर रहा था, पीछे शहनाई और ढोल थे। बरातियों के साथ श्रम विभाग अधिकारी-कर्मचारी नाचते-गाते शामिल हुए। सबसे पीछे सूट-शेरवानी और साफे में सजे दूल्हों की बरात अलग ही आभा बिखेर रही थी।

700 वेदियों पर लिए फेरे

¨हदू जोड़ों के लिए आयोजन स्थल पर 700 हवन वेदियां बनाई गई थीं। धार्मिक रीति-रिवाज से पुरोहित सभा के अध्यक्ष आचार्य ओमप्रकाश शर्मा ने 50 पुरोहितों के साथ से वरमाला, कन्या, गोदान और सप्तपदी जैसी औपचारिकता पूरी कराईं। जबकि 36 मुस्लिम जोड़े भी शामिल हुए, जिन्हें निकाह पढ़ाने के लिए पांच मौलवी बुलाए गए थे। इन्होंने 52 रुपये 10 आने की मेहर की रकम के साथ निकाह संपन्न कराए।

डीएम-एसएसपी ने किया स्वागत

बरात आयोजन स्थल पर पहुंचीं तो डीएम प्रभु नारायण सिंह और एसएसपी बबलू कुमार के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दूल्हों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इसके साथ उपश्रमायुक्त धर्मेद्र कुमार सिंह ने पूरी टीम के साथ बरातियों का स्वागत करने के बाद उनके साथ डांस भी किया। समारोह में वर-वधु के जोड़ों के फेरे की रस्म दोपहर तक हो गई, लेकिन उनकी वरमाला सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने डाली गईं। विवाह आयोजन में करीब 14 हजार लोगों की भीड़ जुटी। उनके मनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ। मथुरा की ब्रज लोक कला फाउंडेशन ने मयूर नृत्य की प्रस्तुति दी। बता दें कि जोड़ों को आशीर्वाद देने पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को आना था, लेकिन मंगलवार सुबह सीएम योगी आदित्यनाथ का आना तय हो गया। लिहाजा श्रम विभाग अधिकारियों ने आनन-फानन मंच पर लगा डिप्टी सीएम की फोटो वाला बैनर हटाकर सीएम की फोटो वाला नया बैनर लगवाया।