- आज साफ रहेगा आकाश, तापमान सामान्य रहने की संभावना

PATNA: कश्मीर और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी का असर बिहार पर भी पड़ रहा है। शुक्रवार से पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा ने ठंड बढ़ा दी है। पटना सहित प्रदेश में कई जगहों पर शनिवार को भी बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सुबह कोहरा छाया रहेगा। दिन में धूप और रातें सर्द रहेंगी। पटना के आसपास शनिवार को 5.8 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। गया में 12.4 एमएम, भागलपुर में 4.1 एमएम, पूर्णिया में 2.6 एमएम, रफीगंज में 9 एमएम, मुजफ्फरपुर और वैशाली में 3 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। शनिवार को बिहार में सबौर और डेहरी सबसे सर्द रहे। दोनों जगह न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस किया गया। शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री और अधिकतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री होना चाहिए था। गया का न्यूनतम तापमान बढ़कर 16.2 डिग्री पहुंच गया जबकि सामान्य न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए था। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार बिहार में 16 दिसंबर तक ठंडी हवा का प्रभाव रहेगा। 18 दिसंबर से तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं। रविवार से सुबह कोहरा, दिन में धूप और रात सर्द रहेगी।