कलेक्ट्रेट में बने चुनावी कंट्रोल रूम का हाल बेहाल, 12 दिन बाद भी कोई शिकायत दर्ज नही

ALLAHABAD: यह बिल्कुल सच है। कलेक्ट्रेट में 12 दिन पहले बनाये गये चुनावी कंट्रोल रूम में शिकायत की बजाय क्वेरीज अधिक आ रही हैं। हालात ये हैं कि इतने दिन बीतने के बाद एक भी शिकायत रजिस्टर पर दर्ज नहीं हो सकी है। शिकायतों का खाता शून्य है। खुद अधिकारी भी हैरान हैं। उनका कहना है कि पब्लिक के फोन तो लगातार आ रहे हैं लेकिन क्वेरीज को लेकर। शिकायत किसी के पास नहीं है।

कैसे कटवा सकते हैं चुनावी ड्यूटी

कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में कुल 15 कर्मचारियों को लगाया गया है। 24 घंटे इनकी वर्किंग चलती रहती है। यदा कदा फोन बज भी जाए तो उधर से शिकायत नहीं की जाती, बल्कि सवाल पूछे जाते हैं। सबसे ज्यादा पूछताछ चुनावी ड्यूटी को लेकर हो रही है। लोग ड्यूटी का तरीका पूछने के साथ नाम कटवाने का जुगाड़ भी पूछ रहे हैं। इसके अलावा वोटर कार्ड बनवाने, सुधार और करेक्शन कैसे होगा जैसे फोन आ रहे हैं। कुछ लोगों ने कहा कि उनका वोटर कार्ड नहीं मिल रहा है, नया कैसे बनेगा। कर्मचारियों का कहना है कि लोगों की क्वेरी का जवाब भी दिया जा रहा है।

पोर्टल पर है शिकायतों की भरमार

फोन पर भले ही शिकायतें नहीं आ रही हैं, लेकिन इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर इनकी भरमार है। पोर्टल पर अब तक 176 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं और बताया जाता है कि इनमें से 174 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। दो शिकायतें प्रोसेसिंग में चल रही हैं। इनका भी हल जल्द निकल जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि लोग ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने में पीछे नहीं हैं।

चुनाव कार्यालय पर उठे थे सवाल

कंट्रोल रूम कर्मचारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित रायल होटल में संचालित भाजपा फूलपुर प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के संबंध में शिकायत की गई थी। जांच मे पाया गया कि शिकायत गलत है। होटल में चुनावी कार्यालय वैध रूप से चल रहा है।

इतने दिनों में केवल लोगों ने क्वेरीज की हैं। एक भी शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हम लोग प्रत्येक क्वेरी का हरसंभव जवाब देते हैं। अगर शिकायत आएगी तो उसे रजिस्टर पर दर्ज कराकर निस्तारित कराया जाएगा।

अरविंद कुमार, सह प्रभारी, कंट्रोल रूम