RANCHI : झारखंड में हर सेवा आईटी से जुड़ गई है। इसका मकसद है कि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी सेवा का लाभ मिले। साथ ही बिचौलियों से लोगों को छुटकारा मिले। जन्म, मृत्यु, आय प्रमाण पत्र बनाने से लेकर जमीन की रजिस्ट्री, म्यूटेशन हर कुछ ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके लिए सभी लोग प्रज्ञा सेंटर में जाकर आवेदन करते हैं। लेकिन रांची में प्रज्ञा सेंटर वालों की मनमानी इस कदर चल रही है कि लोग महीनों इंतजार करने के बाद भी आवेदन नहीं कर पाते हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है कि प्रशासन या सरकार का प्रज्ञा सेंटर चलाने वालों पर सीधा कंट्रोल नहीं है। इसका फ ायदा प्रज्ञा सेंटर वाले उठाते हैं और अपनी मनमर्जी से काम करते हैं।

लग रही लंबी लाइन

अधिकतर प्रज्ञा सेंटर पर लोगों की लाइन लगी रहती है और अंदर से कहा जाता है कि सर्वर डाउन है। लिंक नहीं आ रहा है। कब तक लिंक आएगा इसकी कोई सूचना नहीं है। घंटों लोग लाइन में लगकर इंतजार करते रहते हैं कि जो आवेदन करने आए हैं तो देकर ही जाएंगे। लेकिन प्रज्ञा सेंटर चलाने वालों को इसकी तनिक प्रवाह नहीं होती है। वे मनमानी से बाज नहीं आ रहे हैं।

समय सीमा का ख्याल नहीं

सरकार ने हर सेवा के बदले राइट टू सर्विस एक्ट के तहत एक समय सीमा तय कर रखी है। इसके तहत सरकारी कार्यालय में लोग डर से कुछ हद तक इसे पूरा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन प्रज्ञा सेंटर वालों को इसका कोई डर नहीं है। जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन देने में ही लोगों को 10 दिन का समय गुजर जाता है, क्योंकि जब लोग आवेदन देने के लिए जाते हैं तो उनसे कहा जाता है कि अभी सर्वर डाउन है या लिंक फेल है, इसलिए आवेदन नहीं लिया जाएगा। सरकार ने जो तय समय सीमा रखी है, जिसके तहत हर काम को एक तय अवधि में पूरा करना है इसको प्रज्ञा सेंटर वाले फेल कर रहे हैं।

बिना एंट्री के आवेदन ट्रैक नहीं

प्रज्ञा सेंटर वालों की मनमानी यही नहीं रुकती। लोगों से आवेदन लेने के बाद वे सिस्टम में तत्काल नहीं डालते हैं। इस कारण जो आवेदक होते हैं वे अपना आवेदन ट्रैक नहीं कर पा रहे हैं। हर कुछ ऑनलाइन होने के कारण जब तक एप्लीकेशन को सिस्टम में नहीं डाला जाएगा तब तक ट्रैकिंग नहीं की जा सकती है। प्रज्ञा सेंटर वाले कई दिनों तक इसे अपलोड नहीं करते हैं। इस कारण आवेदक परेशान रहते हैं।

केस

एक हफ्ते से बता रहे लिंक फेल है

कडरू के रहने वाले मनीष कुमार अपनी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए हरमू स्थित प्रज्ञा सेंटर पर एक सप्ताह से जा रहे हैं, लेकिन हर बार लिंक फेल होने की बात प्रज्ञा सेंटर वाले बताते हैं। एक सप्ताह से वह दौड़ रहे हैं।

केस 2

10 दिन पहले आवेदन पर ट्रैकिंग नहीं

डोरंडा के रहने वाले मो इकबाल को जमीन का म्यूटेशन कराने के लिए आवेदन देना है। दस दिन पहले प्रज्ञा सेंटर में आवेदन जमा कर दिये हैं, लेकिन अब वो ट्रैक करने की कोशिश कर रहे हैं कि आवेदन कहां है तो ट्रैक नहीं हो पा रहा है।

वर्जन

प्रज्ञा सेंटर संचालकों की मनमानी रोकी जाएगी। सरकारी सेवा का लाभ लेने के लिए लोग खुद से भी ऑनलाइन आवेदन दे सकते हैं।

राय महिमापत रे, डीसी रांची