चंडीगढ़ / जालंधर (एएनआई / आईएएनएस)। Santokh Singh Chaudhary Death : कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का शनिवार को पंजाब में पार्टी नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। राहुल गांधी के साथ चलते-चलते संतोख सिंह यात्रा की भीड़ के दौरान अचानक से फिल्लौर शहर में गिर गए। इस दाैरान उन्हें एंबुलेंस में फगवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। भारत जोड़ो यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। भगवंत मान ने ट्वीट किया, जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। सांसद के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि आज दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी जी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके पूरे परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

National News inextlive from India News Desk