-वरिष्ठ कांग्रेस जन संघर्ष समिति ने की कलक्ट्रेट पर बिक्री

-राहत नहीं मिली तो सांसद व विधायक आवास पर बेचेंगे

आगरा। प्याज के बढ़ते दामों ने लोगों को रुला रखा है। सोमवार को वरिष्ठ कांग्रेस जन संघर्ष समिति ने कलक्ट्रेट के बाहर प्याज की बंपर सेल की। 25 रुपये किलो में प्याज खरीदने को भीड़ उमड़ी। भीड़ बढ़ने पर पुलिस को व्यवस्था देखनी पड़ी। एक घंटे में ही चार बोरे प्याज बिक गई।

वरिष्ठ कांग्रेस जन संघर्ष समिति के सदस्य ठेल पर प्याज लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। गेट के बाहर उन्होंने 'कांग्रेस की बंपर सेल' आवाज लगाकर प्याज बेची। समिति के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने ने कहा कि कांग्रेस के समय प्याज की कीमत बढ़ने पर भाजपा के कार्यकर्ता अर्धनग्न प्रदर्शन करते थे। आज वो कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। महंगाई चरम सीमा पर है। उद्योग ठप होने से बेरोजगारों की संख्या बढ़ रही है। सरकार कह रही है कि यह मंदी नहीं सुस्ती है, क्या यही मोदीजी के अच्छे दिन हैं।

समिति के मीडिया प्रभारी नदीम नूर ने कहा कि तीन दिन में गरीबों को प्याज की कीमत में राहत नहीं दी गई, तो वरिष्ठ कांग्रेस जन संघर्ष समिति सांसद और विधायकों के आवास के सामने ठेल लगाकर जनता को सस्ते दर पर प्याज उपलब्ध कराएगी। भानु भदौरिया, रेखा मल्होत्रा, इरफान कुरैशी, नदीम ठेकेदार, एसपी माथुर, शैलेंद्र चौधरी, प्रभलीन कौर, मुन्ना खान, अजय उपाध्याय, शाहिद कुरैशी, विपिन अग्रवाल, मनीष जुम्मानी आदि मौजूद रहे।

------------------

कलक्ट्रेट में बंदरों ने लूटा प्याज

आगरा। कलक्ट्रेट में सोमवार को प्याज की लूट हो गई। घटना दोपहर 1:45 बजे की है। युवक हाथ में प्याज की थैली लेकर जा रहा था। इस बीच सैनिक कल्याण बोर्ड कार्यालय के सामने बंदरों के झुंड ने उसे घेर लिया। उसके हाथ से थैली छीन ली। युवक ने बंदरों से थैली वापस लेने का प्रयास किया तो उसे घुड़की देने लगे। इससे वह थैली छोड़ करके भाग गया। इसके बाद बंदरों का झुंड कुछ मिनट में ही सारी प्याज चट कर गया। प्याज खाते बंदरों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।