मुंबई (एएनआई) । रणवीर ने पिछले महीने मुंबई पुलिस में बिना कपड़ो के फोटो शूट मामले में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर अपना बयान दर्ज कराया था। जिस पर आरोप लगाया था कि अभिनेता ने अपनी बिना कपड़ो की तस्वीरों से महिलाओं की भावनाओं को आहत किया है। मुंबई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अभिनेता ने अपने बयान में दावा किया है कि किसी ने उनकी एक तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की है और उसे मॅार्फ किया है।

कई धाराओं के तहत दर्ज हुई एफआईआर
29 अगस्त को 'पद्मावत' अभिनेता ने मुंबई के चेंबूर पुलिस स्टेशन में अपना बयान दर्ज कराया। मुंबई पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं जैसे 292, 293, 509 के तहत एफआईआर दर्ज की है। रणवीर के विवादित फोटोशूट की तस्वीरें 21 जुलाई को ऑनलाइन पोस्ट की गई थी। उन तस्वीरों में रणवीर बिना कपड़े पहने नजर आ रहे हैं। उन फोटोज में से एक में, वह बर्ट रेनॉल्ड की प्रसिद्ध तस्वीर को रिक्रिएट करने के लिए बिना कपड़ो के नीचे एक दरी पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं।

रणवीर के आने वाले बड़े प्रोजेक्ट
इस बीच, रणवीर को हाल ही में नेटफ्लिक्स के इंटरेक्टिव स्पेशल 'रणवीर वर्सेज वाइल्ड विद बेयर ग्रिल्स' में देखा गया था, जिसे दुनिया भर के नेटिज़न्स से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। जहां तक फिल्मों का सवाल है, अब वह रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली अगली फिल्म सर्कस में जैकलीन फर्नांडिस और पूजा हेगड़े के साथ नजर आएंगे। यह फिल्म क्रिसमस 2022 के मौके पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा रणवीर के पास आलिया भट्ट, धर्मेंद्र, शबाना आजमी और जया बच्चन के साथ 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' भी है। यह फिल्म 11 फरवरी, 2023 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk