-काशी विद्यापीठ के 40वें कन्वोकेशन में 53 गोल्ड मेडल में 45 पर छात्राओं ने जमाया कब्जा। गवर्नर ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में बताया बेहतरीन कदम

-गले में मेडल पड़ते ही चेहरे पर बिखरी सोने जैसी मुस्कान, चैरेवेति-चैरेवेति का कुलाधिपति ने किया आह्वान

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ यूनिवर्सिटी का 40वां कन्वोकेशन मंगलवार को मुख्य अतिथि कुलाधिपति राम नाइक की अध्यक्षता में समारोह पूर्वक मना। 53 गोल्ड मेडल में 45 मेडल पर छात्राओं ने कब्जा जमाया। यह जानकर अभिभूत गवर्नर राम नाइक ने मंच से कहा कि यह महिला सशक्तिकरण का संदेश है। बोले कि, इस कन्वोकेशन में 82 परसेंट लड़कियों ने सफलता हासिल की। महज 11 मेडल लाकर नौ परसेंट पर लड़के सफल हुए हैं। आंकड़ों पर गौर कराते हुए गर्वनर ने कहा कि लड़कियां आगे जा रही हैं, इससे लड़कों को चैतन्य होकर पढ़ाई करने की जरूरत है। इससे बड़ी बात क्या होगी कि छात्राओं की सफलता पर लड़के भी सभा में तालियां बजाकर स्वागत कर रहे हैं। बतौर मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा की उपस्थिति नहीं होने पर दीक्षांत भाषण पढ़ते हुए गवर्नर राम नाइक ने सफल स्टूडेंट्स को जीवन में बढ़ने के लिए अपनी पुस्तक चैरेवेति-चैरेवेति की तर्ज पर चलते रहना-चलते रहना का आह्वान किया। इस दौरान कुलाधिपति ने 53 मेधावियों को 54 गोल्ड मेडल प्रदान किए। इसके अलावा एक को डीलिट, 145 को पीएचडी व 95826 को यूजी व पीजी की उपाधि प्रदान की गई। 'स्मारिका' का भी विमोचन हुआ। समारोह में संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो। राजाराम शुक्ल, मेयर मृदुला जायसवाल आदि रहे। संचालन डॉ। बंशीधर पांडेय व थैंक्स रजिस्ट्रार ओमप्रकाश ने दिया।

स्पर्धा का हिस्सा बनें

कन्वोकेशन में सफल स्टूडेंट्स को संदेश देते हुए कुलाधिपति राम नाइक ने कहा कि आपके जीवन का यह पहला पड़ाव समाप्त हुआ और दूसरे पड़ाव की ओर निकल रहे हैं। इस राह पर बहुत सी स्पर्धा है, लक्ष्य निश्चित करें। जब तक लक्ष्य हासिल न हो जाए तब तक कोशिश करते रहे। विश्व स्तर पर छाप छोड़ें, वैसे भी स्पर्धा विश्व स्तर की हो गई है। कठोर परिश्रम करें, प्रमाणिकता, दूरदर्शिता के साथ आगे बढे़। शार्टकट के पीछे कभी नहीं भागे अन्यथा सिर्फ धोखा ही खाएंगे। सफलता कभी भी शार्टकट से नहीं मिलती। गलतियों पर आत्म समीक्षा करें और तब सुधार की ओर बढ़ेंगे तो निश्चित तौर पर सफलता अर्जित होगी। स्वागत भाषण पढ़ते हुए कुलपति प्रो। टीएन सिंह ने सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी।

निकिता ने यूनिवर्सिटी किया टॉप

पीजी लेवल में एमए संस्कृत की छात्रा निकिता पांडेय ने सर्वोच्च अंक लाकर यूनिवर्सिटी टॉप किया। जिन्हें गवर्नर राम नाइक ने डॉ। विभूति नारायण सिंह स्मृति स्वर्ण पदक और जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। एमएसडब्ल्यू की सौम्या श्रीवास्तव को प्रो। सीपी गोयल स्मृति स्वर्ण पदक और एमए अर्थशास्त्र की छात्रा रूचिका अग्रवाल को प्रो। दूधनाथ चतुर्वेदी स्मृति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

मम्मी-पापा भी इतराए

मेधावी बच्चों की सफलता के साक्षी बने कन्वोकेशन में मौजूद पेरेंट्स भी खूब प्रफुल्लित हुए। किसी की आंखें खुशी से डबडबाई तो किसी के चेहरे की चमक पर भी सोने जैसी तेजी छाई रही। भरे सभा में गवर्नर राम नाइक के हाथों बच्चों को सम्मानित होता देख मां-बाप भी अपने को रोक नहीं सके और कुर्सियों से खड़े होकर बच्चों के इस स्वर्णिम पल को कैमरे में कैद किया। मेधावियों में भी बेताबी रही। कन्वोकेशन समाप्त होते ही माता-पिता के अलावा श्रेष्ठ गुरुजनों का आशीर्वाद लेना नहीं भूले। सर्टिफिकेट और मेडल के साथ मेधावियों ने कन्वोकेशन के इस गौरवमयी क्षण को संजोने को खूब फोटो क्लिक कराई। गाउन और गांधी टोपी में छात्र-छात्राओं के सेल्फी का दौर कन्वोकेशन से पूर्व शुरू हुआ तो अंत तक जारी रहा।