नई दिल्ली (एएनआई)। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य प्रमुखों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान बातचीत की। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले चरण के लाॅकडाउन में पांच करोड़ लोगों को भोजन और राशन की चीजें वितरित करने में सक्षम थी और इसे पूरा भी किया। वहीं भाजपा ने अब जरूरतमंदों को खिलाने के लिए एक लक्ष्य तय किया है। उसका 'फीड द नीडी' कार्यक्रम लक्ष्य उन्मुख होगा। इसमें राशन उन लोगों को वितरित किया जाएगा, जिन्हें अभी तक राहत नहीं मिली है। इसके साथ ही जेपी नड्डा ने कहा कि 'स्टे सेफ' पहल के तहत हाथ से बने फेस मास्क 10-15 करोड़ लोगों को वितरित किए जाएंगे।

18 लाख कार्यकर्ता लॉकडाउन में लोगों की सेवा में लगे हुए

इस संबंध में भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने कहा, देश भर के भाजपा कार्यकर्ता या तो घर से काम कर रहे हैं या स्थानीय अधिकारियों के साथ स्वयंसेवा कर रहे हैं। भाजपा भारत के लोगों की सेवा करने के लिए समर्पित है और संकट में हमेशा उनके साथ खड़ी होगी। भाजपा के अनुसार, 90,000 से अधिक पार्टी कार्यकर्ता केवल बीमार और बूढ़े लोगों की सेवाओं के लिए लगे हुए हैं और 18 लाख कार्यकर्ता लॉकडाउन की अवधि के दौरान देश भर में लोगों की सेवा में लगे हुए हैं। भाजपा ने जरूरतमंदों को अब तक दो करोड़ राशन किट और छह करोड़ से अधिक खाद्य पैकेट वितरित किए हैं। अब पार्टी ने 40 लाख फूड आइटम वितरित करने का निर्णय लिया है।

National News inextlive from India News Desk