कानपुर। दुनिया भर में कोरोना वायरस से मौतों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। गुरुवार को वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस से करीब 1,714 लोगों ने अपनी गंवा दी है। बता दें कि इस वक्त अमेरिका में सबसे अधिक 459,000 लोग इस वायरस के चपेट में हैं। वहीं, अमेरिका इस वायरस से सबसे अधिक मौतों की संख्या के मामले दुनिया में इटली के बाद दूसरा देश बन गया है। अब तक वहां 16,498 लोगों की जान जा चुकी है और 22,098 लोग इस बीमारी से ठीक हो गए हैं। न्यूयॉर्क शहर अमेरिका में सबसे अधिक प्रभावित कोरोना वायरस क्षेत्र है। अकेले न्यूयॉर्क में इस वायरस ने पिछले 24 घंटे में 528 लोगों की जान ले ली है। इसी तरह, इस राज्य में अब तक कुल 7521 लोगों की मौत हो चुकी है।

फ्रांस में तेजी से बढ़ रही मौतों की संख्या

अमेरिका के बाद यूरोप में इस वायरस से बहुत बुरा हाल है। इस महामारी की शुरुआत के बाद से फ्रांस में अब तक 12210 मौतें दर्ज की गई हैं। इसके अलावा इस देश में 86,334 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। कुछ 7,066 संक्रमित लोगों को गुरुवार को इंटेंसिव केयर की आवश्यकता थी। राष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा के प्रमुख जेरोम सलोमन ने बुधवारको इस बात की जानकारी दी है। वहीं, स्पेन में मृतकों की कुल संख्या अब 15,238 हो गई है। अमेरिका के बाद स्पेन (152,446) और इटली (143,626) में सबसे अधिक लोग संक्रमित हैं। इटली की बात करें तो वहां इस वायरस से अब तक दुनिया में सबसे अधिक 17,669 मौतें हो चुकी हैं।

दुनियाभर में कई लोग हुए ठीक

दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रसार तेजी से हो रहा है। यह खतरनाक वायरस दो सौ से ज्यादा देशों में 1,520,869 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है। वहीं, अब तक 90,057 लोगों की मौत हुई है। जबकि, 334,551 लोग अब तक पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। वहीं, अमेरिका में अधिकारियों ने ओंटारियो प्रांत द्वारा खरीदे गए तीन मिलियन फेस मास्क के निर्यात को रोक दिया है। इसके अलावा, कोरोना वायरस के मद्देनजर जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे राजधानी टोक्यो और छह अन्य प्रान्तों के लिए आपातकाल की घोषणा कर दी है।

दिसंबर में शुरू हुआ इस वायरस का प्रकोप

इस खतरनाक वायरस का प्रकोप पिछले साल दिसंबर में चीन से शुरू हुआ लेकिन अब यह 213 देशों और क्षेत्रों तक पहुंच गया है। उनमें से 162 ने घातक रिपोर्ट दी है। मेडागास्कर, बारबाडोस, बरमूडा, बेनिन और बेलीज ने सोमवार को अपने देश में इस वायरस से पहली मौत की सूचना दी। चीन में अब तक कोरोना के कुल 81,907 मामले सामने आए हैं, इसमें से 3,335 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 77,455 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।

International News inextlive from World News Desk