कर्नाटक (एएनआई)। कर्नाटक में कुछ रिसर्चर्स ने कोरोना से बचाव के लिए नया तरीका ढूंढ निकाला है। रिसर्चर्स की एक टीम ने पुराने फ्रिज को डिसइंफेक्शन चैंबर में बदल दिया। यानी कि इस फ्रिज के अंदर कुछ भी सामान रखेंगे तो बाहर निकालते ही वह इंफेक्शन फ्री हो जाएगा। इस फ्रिज का निर्माण नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कर्नाटक (NITK), सुरथकल में रसायन विज्ञान विभाग के प्रमुख, डॉ अरुण एम इसलूर और उनकी टीम ने किया।

15 मिनट में खत्म कर देगा कीटाणु

इसलूर ने इस मॉडीफाई फ्रिज को ZERO-COV नाम दिया है। रिसर्चर का कहना है कि, यह उपकरण वस्तुओं की सतह पर मौजूद 99.9 प्रतिशत सूक्ष्मजीवों यानी कीटाणु को खत्म कर देता है। डॉ इसलूर के मुताबिक, 'हम इस फ्रिज चैंबर के अंदर सब्जियां, करंसी नोट, किताबें या लिफाफे जैसी कोई भी चीज रख सकते हैं। 15 मिनट के लिए चैम्बर का स्विच ऑन करने पर फ्रिज के अंदर मौजूद सभी सामान पर से 99.9 फीसदी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं।'

भारत में कोरोना पेशेंट की संख्या 12 हजार पार

देश में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 12 हजार पार हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के 12,380 मामले दर्ज किए गए है। वहीं इसकी वजह से मरने वालों की संख्या 414 हो गईं। कुल मामलों में सक्रिय मामलों की संख्या 10,477 है। वहीं 1,488 लोग ठीक हो गए हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा एक कोरोना पीडि़त पलायन कर गया है। कुल मामलों में 76 विदेशी नागरिक शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा है कि बुधवार शाम से 22 मौतों की सूचना दी गई थी। इसमें महाराष्ट्र से नौ , आंध्र प्रदेश से पांच, गुजरात से तीन, दिल्ली और तमिलनाडु के दो-दो और कर्नाटक के एक व्यक्ति की मौत हुई है।

National News inextlive from India News Desk