नई दिल्ली (पीटीआई) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कोराेना वायरस की वजह से पिछले 24 घंटे में 6,387 मामले नए दर्ज किए गए और 170 मौतें दर्ज हुईं। बुधवार सुबह तक आए अपडेट के मुताबिक देश में कुल 1,51,767 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं अब तक इससे 4,337 लोगों की माैत हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की बात की जाए तो 83,004 केस हैं। वहीं 64,425 लोग रिकवर हो चुके हैं और एक मरीज पलायन कर चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, इस प्रकार अब तक लगभग 42.45 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं कुल पुष्टि किए गए मामलों में विदेशी भी शामिल हैं।

4,337 लोगों में से, महाराष्ट्र में 1,792 लोगों की माैत हुई

मंगलवार की सुबह से दर्ज 170 मौतों में से 97 महाराष्ट्र में, 27 गुजरात में, 12 दिल्ली में, तमिलनाडु में नौ, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में पांच-पांच, राजस्थान में तीन और आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, केरल, तेलंगाना और उत्तराखंड में एक-एक की माैत हुई है। कुल 4,337 लोगों में से, महाराष्ट्र में 1,792 माैतें हुई थीं। गुजरात में 915 माैतें, मध्य प्रदेश में 305, दिल्ली में 288, पश्चिम बंगाल में 283, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 170, तमिलनाडु में 127 और आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 57 मौतें हुईं।

कर्नाटक में 44 और पंजाब में 40 पहुंची माैतों की संख्या

वहीं मरने वालों की संख्या कर्नाटक में 44 और पंजाब में 40 तक पहुंच गई। जम्मू-कश्मीर में बीमारी के कारण 24, हरियाणा में 17 लोगों की मौत हुई है, जबकि बिहार में 13 और ओडिशा में सात मौतें हुई हैं। केरल में छह मौतें हुई हैं, हिमाचल प्रदेश में पांच, जबकि झारखंड, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और असम में अब तक चार मौतें दर्ज की गई हैं। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, मेघालय ने अब तक एक रिपोर्ट दी है। मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, 70 फीसदी से ज्यादा मौतें कॉम्बिडिटी के कारण होती हैं।

National News inextlive from India News Desk