नई दिल्ली (एएनआई)। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस भारत में अब अपना कहर तेजी से बरपा रहा है। यहां बीते एक सप्ताह से जहां हर दिन लगभग 50 हजार पार मामले दर्ज हो रहे थे वहीं आज यह आंकड़ा 60 हजार पार हो गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में 62,538 लोग इस वायरस की चपेट में आए। बीते 24 घंटे में दर्ज हुए नए मामलों में यह अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। इस तरह से देश में अब तक करीब 20 लाख 27 हजार 075 मरीज संक्रमित हो चुके हैं। वहीं मृतकों के आंकड़े पर नजर डालें तो देश में अब तक 41,585 लोगों की माैत हो चुकी है।


महाराष्ट्र में 1,46,268 सक्रिय केस
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों में 6,07,384 सक्रिय मामले हैं। वहीं 13,78,106 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में 1,46,268 सक्रिय मामले हैं। यहां 3,05,521 पीड़ित ठीक हो चुके हैं। राज्य में संक्रमण के कारण 16,476 मौतें भी हुई हैं। वहीं प्रभावित राज्यों में दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है। तमिलनाडु में 54,184 सक्रिय मामले हैं जबकि राज्य में उपचार के बाद 2,14,815 रोगियों को छुट्टी दे दी गई है। कोरोना से यहां 4,461 मौतें हुई हैं।
आंध्र प्रदेश 80,426 सक्रिय मामले
कोविड-19 महामारी से तीसरा प्रभावित राज्य आंध्र प्रदेश है। यहां पर 80,426 सक्रिय मामले हैं। वहीं राज्य में 1,04,354 लोग ठीक हो चुके हैं और 1,681 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद देश की राजधानी दिल्ली का नंबर है। दिल्ली में अब 10,072 सक्रिय मामले और 1,26,116 रोगी ठीक हो गए हैं। कोरोना वायरस के कारण अब तक यहां 4,044 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं उत्तर प्रदेश की बात करें तो कोविड-19 मामलों की कुल संख्या अब 1,08,614 है। इसमें 43,654 सक्रिय मामले और 1,918 मौतें शामिल हैं।

National News inextlive from India News Desk