नई दिल्ली (पीटीआई)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि भारत में कोरोना वायरस के 17,073 नए मामले सामने आए हैं, जिससे कुल संक्रमणों की संख्या बढ़कर 4,34,07,046 हो गई है, जबकि चार महीने से अधिक समय के बाद डेली पाॅजिटिव रेट 5 प्रतिशत को पार कर गया है। मंत्रालय ने कहा कि 21 नई मौतों के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,25,020 हो गई।

एक्टिव मामले 95 हजार के करीब
एक्टिव मामले बढ़कर 94,420 हो गए, जिसमें कुल संक्रमण का 0.22 प्रतिशत शामिल है। मंत्रालय ने कहा कि COVID-19 रिकवरी दर 98.57 प्रतिशत दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में एक्टिव COVID-19 मामलों की संख्या में 1,844 मामलों की वृद्धि दर्ज की गई।

डेली पाॅजिटिव रेट बढ़ा
सबसे ज्यादा चिंता की बात पाॅजिटिव रेट है। चार महीने बाद देश में सबसे ज्यादा डेली पाॅजिटिव रेट दर्ज किया गया है। यह 5.62 प्रतिशत पहुंच गया है जबकि वीकली पाॅजिटिव रेट 3.39 प्रतिशत दर्ज किया गया। 139 दिनों के अंतराल के बाद दैनिक सकारात्मकता 5 प्रतिशत को पार कर गई।

कहां कितनी हुई मौतें
बीमारी से स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 4,27,87,606 हो गई, जबकि मृत्यु दर 1.21 प्रतिशत दर्ज की गई। आंकड़ों में कहा गया है कि जिन 21 नए लोगों की जान चली गई है उसमें केरल के छह, महाराष्ट्र के पांच, दिल्ली के चार, गोवा और पंजाब के दो-दो और जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।

National News inextlive from India News Desk