नई दिल्ली (पीटीआई)। Coronavirus In India : भारत में कोरोना वायरस संक्रमण से कोहराम मचा है। यहां हर दिन नए केस बढ़ते ही जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार के आंकड़ों के अनुसार, भारत ने एक दिन में 2,68,833 नए कोविड संक्रमण दर्ज किए। इस तरह से देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 3,68,50,962 तक पहुंच गई है। इसमें कोरोना के नए ओमिक्रोन के 6,041 के मामले भी शामिल हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में 402 और मौतों के साथ, देश में वायरल बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,85,752 हो गई है।

देश में जानें कहां कितनी माैतें हुई हैं

402 मरीजों की माैतों में केरल के 199 और दिल्ली के 34 लोग शामिल हैं। देश में अब तक हुई कुल मौतों में से 1,41,756 महाराष्ट्र से, 50,568 केरल से, 38,411 कर्नाटक से, 36,956 तमिलनाडु से, 25,305 दिल्ली से, 22,949 उत्तर प्रदेश से और 20,013 पश्चिम बंगाल से हैं। वहीं अब तक कोरोना के कुल संक्रमणों में 6,041 ओमिक्रोन मामलों का पता चला है। दैनिक सकारात्मकता दर 16.66 प्रतिशत है जबकि साप्ताहिक सकारात्मकता दर 12.84 प्रतिशत है।

रिकवरी दर घटकर 94.83 प्रतिशत

वहीं सक्रिय मामले बढ़कर 14,17,820 हो गए हैं, जो लगभग 223 दिनों में सबसे अधिक है, और कुल संक्रमणों का 3.85 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय कोविड-19 रिकवरी दर घटकर 94.83 प्रतिशत हो गई है। एक दिन में देश में सक्रिय केसलोड में 1,45,747 की वृद्धि हुई है। अब तक इस बीमारी से स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 3,49,47,390 हो गई है। वहीं देश में प्रशासित कोविड वैक्सीन की खुराक 156.02 करोड़ से अधिक हो गई है।

National News inextlive from India News Desk